देवघर में पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने थाना का किया घेराव
देवघर के मारगोमुंडा में पुलिस वाहन से टक्कर में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम हटाया और मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, मारगोमुंडा (देवघर)। मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के लहरजोर-मधुपुर मुख्य मार्ग पर लहरजोरी मोड़ के पास शुक्रवार को पुलिस के वाहन से धक्का लगने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल होने का आरोप लगाकर शनिवार को लोगों ने थाना का घेराव किया।
बता दें कि एक युवक 22 वर्षीय रोहित तुरी की शुक्रवार रात ही इलाज के क्रम में मौत हो गई थी। मृतक मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के पहरीडीह गांव का रहने वाला था। वहीं, घायल युवक भी पहरीडीह गांव का ही रहने वाला था।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित स्वजन व ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों व थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने, थाना प्रभारी को हटाए जाने और उचित मुआवजा की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।
लोगों ने थाना का घेराव कर लिया। आसपास के कई गांव के हजारों लोग वहां जमा गए गए। उन लोगों ने थाना का घेराव करने के साथ ही लहरजोरी-मधुपुर मुख्य मार्ग को मारगोमुंडा थाना के पास सड़क जाम दर दिया।
इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वहीं, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही लोगों ने लहरजोरी मोड के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कराने की मांग की।
लोगों का कहना था कि कैमरा की जांच करने पर सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन के आगे व पीछे पुलिस लिखा हुआ था। वाहन लहरजोरी की ओर से काफी तेजी से आ रहा था। उसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिस कारण ये हादसा हुआ।
मौके पर पुलिस बल तैनात
लोगों के आक्रोश को देखते हुए कई थाना की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। जिला से भी पुलिस बल को वहां भेजा गया। साथ ही मधुपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद, बीडीओ शशि संदीप सोरेन, पुलिस निरीक्षक व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। वे सभी विरोध कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे।
इस दौरान एसडीपीओ ने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। वहीं देर शाम करीब सात बजे पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग करते हुए जाम कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया।
उसके बाद वहां से जाम हट गया। जाम हट जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।