Deoghar News: पुलिस हिरासत में साइबर ठग की मौत पर देवघर में हंगामा, थाने का घेराव-पथराव और सड़क जाम
देवघर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद बवाल मच गया। साइबर अपराध के आरोप में गिरफ्तार युवक की अस्पताल में मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया और सड़क जाम कर दी। उग्र भीड़ ने पथराव भी किया। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया और इलाके में निषेधाज्ञा लगा दी। परिजन ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है।
जागरण टीम, देवघर/पालोजोरी/सारठ। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक मेपरराज अंसारी (36) की मौत के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। अंसारी जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के दुधानी गांव का रहने वाला था। संदिग्ध तौर पर साइबर ठगी के धंधे में शामिल होने के आरोप में पुलिस टीम ने बुधवार को उसे गांव से पकड़ा।
बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे सारठ सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। देवघर सदर अस्पताल पहुंचने पर बुधवार की रात उसे जांच करने के बाद डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसकी सूचना मिलने पर रात को एक सौ से अधिक लोगों ने पालोजोरी थाना का घेराव किया और अंदर घुसने का प्रयास किया। एक घंटा के बाद लोग वापस चले गए। सुबह लोग फिर से सड़क पर उतर गए। लोगों ने पालोजोरी-सारठ, जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
वहीं पालोजोरी बाजार को भी जबरन बंद करा दिया। बाद में उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिस वालों को चोट लगी है। हंगामा को बढ़ते देख पुलिस ने आंसू गैस का गोला छोड़ा। लाठीचार्ज कर लोगों को वहां से हटाया गया।
एहतियात के तौर पर पालोजोरी बाजार व आसपास के इलाके में निषेधाज्ञा लगा दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और काफी संख्या में पुलिस टीम पालोजोरी थाना व आसपास के इलाके में कैंप कर रही है। वहीं मृतक के शव का देवघर सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा दंडाधिकारी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। स्वजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई है।
पहले से बीमार था युवक: पुलिस
युवक पहले से बीमार था। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। स्वजनों द्वारा पुलिस पर लगाया जा रहा आरोप गलत है। वहीं विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस उचित कार्रवाई कर रही है। - रंजीत लकड़ा, एसडीपीओ सारठ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।