देवघर में अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो ब्लास्ट से दहला बंपास टाउन
Deoghar के बंपास टाउन में एक अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे दो ब्लास्ट ...और पढ़ें
HighLights
देवघर में अवैध नेल पॉलिश फैक्ट्री में लगी भीषण आग।
आग लगने से दो जोरदार ब्लास्ट हुए, लाखों का नुकसान।
दमकल ने तीन घंटे में आग पर पाया काबू, जांच जारी।
संवाददाता, देवघर। नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन मोहल्ला स्थित देवसंघ आश्रम के पीछे अवैध रूप से संचालित एक नेल पालिस की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गयी। इस फैक्ट्री में नेल पालिस व थिनर बनाने का काम किया जाता था।
अंदर काफी मात्रा में अतिज्वलनशील थिनर व अन्य केमिकल रहने के कारण आग देखते ही देखते काफी तेजी से भड़क उठी। वहीं, इस दौरान दो बार ब्लास्ट भी हुआ। ब्लास्ट के कारण आसपास के लोग सहम गए। ब्लास्ट की आवाज दूर तक सुनाई दी।
इस घटना में जिस जगह पर फैक्ट्री संचालित किया जाता था वह भवन भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की ओर से तीन गाड़ी पानी और एक गाड़ी केमिकल लाकर करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
ये फैक्ट्री गुड्डू बरनवाल द्वारा करीब पांच से छह वर्ष से संचालित किया जा रहा था। वह बंपास टाउन मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। अनुमान है कि शार्ट सर्किट के कारण फैक्ट्री में आग लगी है।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना की पुलिस टीम भी एसआइ ओम शरण के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। घटना के बाद घटनास्थल के बाहर काफी संख्या में लोग जमा हो गए।
आग बुझाने के काम में आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया। आग बुझाने के काम में दमकल विभाग के करीब 15 कर्मी जुटे रहे। आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस घटना में लाखों का नुकसान होने का अनुमान है।
रिहायशी इलाके में बिना अनुमति के फैक्ट्री संचालित किया जा रहा था। मिली सूचना के तहत यहां अवैध रूप से नेल पालिस बनाने का काम किया जाता था। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों ने आकर किसी काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। अनुमान है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। मामले की जांच की जा रही है।
गोपाल प्रसाद यादव, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, देवघर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।