Deoghar Airport: देवघर-बेंगलुरु डायरेक्ट फ्लाइट की बढ़ी डिमांड, अन्य शहरों के लिए भी जल्द शुरू होगी सीधी सेवा
Deoghar Airport झारखंड के देवघर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों के लिए और कई विमान सेवा शुरू होगी। इससे झारखंड के संताल परगना के छह जिलों के अलावा धनबाद गिरिडीह और बिहार के भागलपुर पूर्णिया बांका जमुई के लोगों के लिए भी हवाई यात्रा करना आसान होगा।

जागरण संवाददाता, देवघर। झारखंड के देवघर एयरपोर्ट से आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों के लिए और कई विमान सेवा शुरू होगी। अभी दिल्ली और बेंगलुरु की कामर्शियल सेवा है, जबकि उड़ान के तहत कोलकाता, पटना और रांची के लिए एटीआर चल रही है। एक जून से देवघर-बेंगलरु के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू हुई है।
सप्ताह में तीन दिन चलनेवाली देवघर- बेंगलुरु उड़ान सेवा में यात्रियों की इस कदर भीड़ उमड़ रही है कि आसानी से सीट मिलना भी मुश्किल हो रहा है। एक जून को जब यह सेवा शुरू हुई थी तो किराया छह हजार से कम था, अभी छह हजार से ज्यादा हो गया है।
इंडिगो की सूत्रों की माने तो, बेंगलुरु की विमान सेवा शुरू होने के बाद दिल्ली से देवघर आने वाली विमान में पैसेंजर की संख्या कम हो गयी है। पहले दिल्ली से देवघर आने वाले अब बेंगलुरू की फ्लाइट से सीधा देवघर आ रहे हैं।
बेंगलुरु-देवघर के बीच चलनेवाली इंडिगो की फ्लाइट अमूमन 178 से अधिक यात्रियों को लेकर उड़ान भर रही है। महज ढ़ाई घंटे में दोनों शहरों की यात्रा पूरी हो रही है। इंडिगो की यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को है।
देवघर से बेंगलुरू आने वाली विमान बेंगलुरु से सुबह 10:20 में टेकआफ करती है। 180 सीटर यह एयर बस 6 ई 6435 बेंगलुरु-देवघर और देवघर-बेंगलुरु- 6 ई 6437 है।
बिहार के लोगों को भी सुविधा
संताल परगना के छह जिला के अलावा धनबाद, गिरिडीह, बिहार का भागलपुर, पूर्णिया, बांका, जमुई के लोग भी देवघर एयरपोर्ट से अपनी यात्रा कर रहे हैं। युवाओं को और उनके स्वजन को बहुत राहत मिल रही है।
पहले होती थी बहुत समस्या, अब सफर हो गया आसान
गोड्डा के रहने वाले यात्री सुभाष कुमार कहते हैं कि पहले बहुत समस्या होती थी। ट्रेन से कोलकाता जाना होता था। उसके बाद वहां पर फ्लाइट पकड़ने के लिए दमदम एयरपोर्ट जाते थे। मगर अब देवघर से फ्लाइट शुरू हो जाने के बाद काफी राहत मिल रही है। क्योंकि हम लोग गोड्डा से देवघर डेढ़ घंटा में पहुंच जाते हैं और यह नजदीक भी है, जिससे बहुत राहत मिल रही है।
पारिजात कुमारी कहती हैं, "बेंगलुरु में पढ़ती हूं। अक्सर हमारे माता-पिता को और मुझे आना-जाना करना होता है। पहले बड़ी मुश्किल होती थी। एक तो दूरी उस पर लड़की। माता-पिता काफी परेशान रहते थे। अब यहां से जाने में कोई परेशानी नहीं है। क्योंकि यहां से बेंगलुरु सेवा शुरू हो गया है।"
बेंगलुरु में कारोबार है। जहां पर आना-जाना लगा रहता है । पहले ट्रेन से जाने में समय की बर्बादी होती थी। साथ ही इमरजेंसी पड़ जाने पर यहां से बेंगलुरु जाने में काफी समस्या होती थी। मगर अब यहां से फ्लाइट शुरू होने से हम लोगों में काफी खुशी है कि अब कम समय में बेंगलुरु पहुंच रहे हैं। -विष्णु कांत नरौने, बिलासी टाउन
बेंगलुरु में नौकरी करते हैं। छुट्टी में घर आए थे। वापस जा रहे हैं। पहले छुट्टी समाप्त होते ही काम पर लौटने की चिंता तीन दिन पहले सताने लगती थी। एक तो दूरी दूसरा आने-जाने में समस्या। छुट्टी मिलने के बावजूद नहीं आ पाते थे। अब वह परेशानी दूर हो गयी है। -भवेश कुमार, मधुपुर
यह भी पढ़ें: MRP से ज्यादा रेट पर शराब बेचने वालों की खैर नहीं, घूसखोर अधिकारियों पर भी होगा एक्शन; उत्पाद सचिव ने दी वार्निंग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।