Gumla News: मरीज को एंबुलेंस में छोड़ चालक हो गया फरार, घायल की मौत के बाद मचा बवाल
गुमला में एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए अजय तिग्गा को रिम्स रेफर किया गया लेकिन एंबुलेंस में ऑक्सीजन न होने और चालक के भाग जाने से उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सिविल सर्जन ने मामले की जांच की है और एम्बुलेंस में ऑक्सीजन होने का दावा किया है।

जागरण संवाददाता, गुमला। रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नागफेनी के समीप शनिवार की रात नौ बजे बाइक व स्कूटी की जोरदार भिड़ंत में गुमला थाना क्षेत्र के धौठाटोली गांव निवासी 50 वर्षीय अजय तिग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने रिम्स रांची रेफर कर दिया। स्वजन ने 108 पर काल कर एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के पहुंचते ही घायल को लेकर स्वजन में सवार हो गए। लेकिन एंबुलेंस में आक्सीजन नहीं थी।
ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए स्वजन अस्पताल में भाग दौड़ कर रहे थे, इसी बीच चालक डमरु धर एंबुलेंस छोड़कर भाग गया।
ऑक्सीजन सिलेंडर मिला लेकिन चालक के गायब हो जाने से स्वजन काफी परेशान हो गए। चालक की काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। आधे घंटे के बाद घायल ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।
घायल की मौत के बाद सदर अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। इस घोर लापरवाही के विरोध में स्वजन हंगामा करने लगे। लोग सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने लगे।
मृतक के भाई बिरसाई उरांव ने बताया कि उसका भाई रांची के एक पोस्ट आफिस में सरकारी कर्मचारी था। ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी नागफेनी के समीप एक बाइक से टक्कर हो गई।
समय पर आक्सीजन मिलती और चालक रिम्स ले जाता तो शायद भाई की जान बच जाती। यहां की व्यवस्था खराब है। मरीज को एंबुलेंस में लिटाने के बाद पता चलता है कि एंबुलेंस में आक्सीजन नहीं है।
यह पूरी तरह लापरवाही का मामला है। प्रशासन को कार्रवाई करना चाहिए और ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि ऐसी घटना की पुनरावृति न हो।
सिविल सर्जन ने लापरवाही से किया इनकार
सिविल सर्जन डॉ. नवल कुमार ने रविवार को मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में आक्सीजन थी। घायल को खून की उल्टी होने पर परिजन घबरा गए और चालक डमरु धर को ही चिकित्सक को बुलाने के लिए कहा। डाक्टर द्वारा जांच करने के बाद मरीज को मृत घोषित कर दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।