विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एम्स देवघर दीक्षांत समारोह आज, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे मुख्य अतिथि

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:15 AM (GMT+05:30)

AIIMS Deoghar Convocation: एम्स देवघर में आज दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है, जिसमें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे।

एम्स देवघर का दीक्षांत समारोह। (प्रतीकात्मक फोटो)

एम्स देवघर का दीक्षांत समारोह। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन एम्स देवघर के मुख्य अतिथि।

  2. एमबीबीएस, नर्सिंग, एमडी-एमएस स्नातकों को मिलेंगी डिग्रियां।

  3. 11 मेधावी छात्रों को समारोह में किया जाएगा सम्मानित।

संवाद सूत्र, देवीपुर (देवघर)। AIIMS Deoghar Convocatio: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर में दूसरे दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार, 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा की भी समारोह में उपस्थिति रहेगी।

कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगने की देखरेख में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। ऑडिटोरियम के मुख्य मंच को सोहराय और मिथिला पेंटिंग के साथ पोस्टर-बैनर से सजाया गया है।

मुख्य द्वार को भी आकर्षक रूप दिया गया है। समारोह को लेकर संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी दिनभर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।

कई पाठ्यक्रमों के स्नातकों को मिलेगी डिग्री

दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, एमडी और एमएस पाठ्यक्रमों के सफल स्नातकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

वहीं, शैक्षणिक उत्कृष्टता और बेहतर प्रदर्शन के लिए 11 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए यह समारोह उनकी शैक्षणिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

एम्स देवघर का दूसरा दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करेगा।

संस्थान को उम्मीद है कि यहां से प्रशिक्षित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देंगे।

उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

उपराष्ट्रपति और अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए एम्स परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ऑडिटोरियम सहित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

झारखंड आर्म्ड पुलिस-5 के अंजनी अंजन (आईपीएस), देवघर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार और देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

दुमका के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंबर लकड़ा और देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। देर शाम झारखंड लोक भवन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

सुरक्षा के लिए बम निरोधक दस्ता, विशेष शाखा, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, यातायात पुलिस, महिला पुलिस और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

एम्स के सुरक्षा गार्ड भी परिसर में मुस्तैद रहेंगे। मनीष टोप्पो की देखरेख में सुरक्षा संबंधी तैयारियां की गई हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की वीआईपी सुरक्षा टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया।

स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक भी रहेंगे मौजूद

देर शाम मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और देवघर के विधायक सुरेश पासवान भी समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संस्थान के अधिकारियों के साथ जिला और प्रखंड प्रशासन की टीम भी सक्रिय है। देवीपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश बारला और अंचलाधिकारी खोपलाल राम सहित अन्य अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

अतिथियों और मरीजों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार

सुरक्षा और आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए एम्स परिसर में प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मरीजों के आवागमन के लिए गेट संख्या एक निर्धारित किया गया है, जबकि गेट संख्या दो से अतिथियों और सुरक्षा कर्मियों का प्रवेश होगा। परिसर में जगह-जगह पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं और मुख्य द्वार को विशेष रूप से सजाया गया है।

आईसीयू वार्ड का भी लिया जायजा

दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डॉ. मनीष रंजन ने एम्स अस्पताल के आईपीडी स्थित आईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया।

इस दौरान एम्स देवघर के उपनिदेशक कर्नल अभिक दास, अधीक्षण अभियंता देवानंद झा, प्रशासनिक अधिकारी अजय कुमार और सहायक प्रशासनिक अधिकारी राम कृष्ण सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

दीक्षांत समारोह के माध्यम से एम्स देवघर एक बार फिर चिकित्सा शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सामने रखेगा।

समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ चिकित्सा क्षेत्र में उनके नए दायित्वों की शुरुआत भी होगी।

यह भी पढ़ें- देवघर में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल कॉलेज अगले सत्र से होगा शुरू, चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

यह भी पढ़ें- देवघर में SBI का पूरा ATM उखाड़ ले गए चोर, 500 मीटर तक टोचन कर इनोवा में लादकर फरार