Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाल विवाह पर रोक कैसे लगे?

    By Edited By:
    Updated: Mon, 02 Dec 2013 01:05 AM (IST)

    करौं : बालमन में कभी-कभी ऐसे सवाल उठते हैं जिसका जब तक सही जवाब न मिले बच्चे बेचैन रहते हैं। दैनिक जागरण ने बच्चों के सवालों का सही और संतुलित जवाब देने को लेकर बाल संवाद के जरिए एक पहल की है। रविवार को शांति निकेतन आवासीय विद्यालय एवं एसआर एकेडमी के बच्चों ने बीडीओ अनिल कुमार यादव से विभिन्न सवाल किए। उन्होंने बखूबी जवाब देकर बच्चों की जिज्ञासा शांत की। आइए जानते हैं बच्चों के सवाल और बीडीओ के जवाब।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्र. सर, आपने प्रशासनिक सेवा को ही क्यों चुना?

    तेजनारायण कुमार

    उ. प्रशासनिक सेवा एक ऐसी सेवा है जिसमें कार्य करने की विविधता रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने का काफी अवसर प्राप्त होता है। कहा भी गया है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

    प्र. व्यक्ति को लक्ष्य प्राप्ति के लिए क्या करना चाहिए?

    राजकुमार राय

    उ. सबसे पहले व्यक्ति को अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। इसके बाद इसे प्राप्त करने के लिए सकारात्मक दिशा में पहल करनी चाहिए। विद्यार्थी मेहनत करें, लक्ष्य प्राप्ति का दूसरा विकल्प नहीं है।

    प्र. सरकारी पदाधिकारी व कर्मी अपने बच्चों को निजी विद्यालयों में क्यों भेजते हैं?

    रिमझिम कुमारी

    उ. शुरू में सभी सरकारी विद्यालयों में ही पढ़ते थे। मैंने खुद अपनी पढ़ाई सरकारी विद्यालय में की। मगर अब निजी विद्यालयों में छात्रों को सरकारी विद्यालय से बेहतर शिक्षा दी जा रही है। हालांकि सरकारी विद्यालयों को सही करने का प्रयास किया जा रहा है।

    प्र. बीपीएल का मापदंड क्या है और इससे क्या लाभ मिलता है?

    आर्यन रंजन

    उ. सरकार ने गरीबों को चिन्हित करने का एक मापदंड रखा है। इसमें जमीन, सिंचित भूमि एवं अन्य की जानकारी ली जाती है। जिले में 15 स्कोरवाले व्यक्ति को बीपीएल श्रेणी में रखा गया है। इन्हें इंदिरा आवास, पेंशन, स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना, अन्नपूर्णा योजना आदि का लाभ दिया जाता है।

    प्र. विद्यार्थियों की सफलता का मूलमंत्र क्या है?

    प्रीति कुमारी

    उ. लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करना होगा। तभी आप किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। ईमानदारी सही सफलता का मूलमंत्र है।

    प्र. बाल मजदूरी रोकने का क्या प्रावधान है? क्या यह सख्ती से लागू है?

    कुंदन कुमार

    उ. 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी क्षेत्र में मजदूरी नहीं कराना है। इसके लिए कई कानून बनाए गए हैं। इस पर रोक लगाने को सरकार गंभीर है।

    प्र. मंहगाई बढ़ने के क्या कारण हैं?

    प्रियंका कुमारी

    उ. मंहगाई सरकार के लिए चुनौती है। जनता में खरीदने की क्षमता बढ़ी है। कहने का अर्थ यह है कि लोग अब ज्यादा खरीदारी करने में सक्षम हैं। इस अनुपात में उत्पादन कम है। कालाबाजारी के कारण भी मंहगाई बढ़ी है।

    प्र. जिला परिषद का क्या कार्य है?

    सौरभ कुमार सिंह

    उ. जिला परिषद द्वारा योजनाओं का चयन, क्रियान्वयन एवं निरीक्षण किया जाता है। इसके अधीन विभिन्न विभागों के कार्यो को भी देखा जाता है। जिला परिषद से ही विकास योजनाएं पास होती हैं।

    प्र. नौकरियों के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है परंतु राजनीति के लिए नहीं क्यों?

    आशीष कुमार चौधरी

    उ. हमारा देश लोकतांत्रिक देश है। संसद द्वारा नीति का निर्धारण होता है। समाज के हर तबके के लोग राजनीति में अपना प्रतिनिधित्व कर लोगों की सेवा कर सकें लोकतंत्र का यही मूलमंत्र है।

    प्र. बाल विवाह कैसे रोका जा सकता है?

    रूबी खातून

    उ. बाल विवाह रोकने के लिए समाज को शिक्षित होना होगा। इसकी कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा। बाल विवाह पर कानून बनाए गए हैं। सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना बनाई है।

    प्र. शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को सजा देने पर रोक क्यों लगा दी गई है?

    पंकज कुमार

    उ. बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार न हो, इसलिए इस पर रोक लगा दी गई है। बच्चों की मनोवृति के साथ छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए, इससे उनका सर्वागीण विकास अवरुद्ध हो जाता है।

    प्र. आरक्षण का आधार क्या है?

    राजकुमार घोष

    उ. कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान को लेकर आरक्षण लागू किया गया है। जाति के आधार पर आरक्षण दी जाती है। लेकिन गरीब और शैक्षणिक क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।

    प्र. बीडीओ की क्या जिम्मेदारी है?

    सिराज साह

    उ. प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं की निगरानी करना बीडीओ का प्रमुख कर्तव्य है। इसके लिए समय-समय पर बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश देने होते हैं।

    प्र. बच्चों को एमडीएम की जगह नगद राशि क्यों नहीं दी जाती?

    चुनचुन कुमार

    उ. विद्यालय में बच्चों के ठहराव के उद्देश्य से एमडीएम शुरू किया गया है। जो बच्चे पढ़ने आते हैं, उन्हें पौष्टिक आहार मिलता है। अगर उन्हें नगद राशि का भुगतान किया गया तो भ्रष्टाचार बढ़ेगा।

    प्र. प्रखंड में सबसे ज्यादा विकास किस क्षेत्र में उचित है?

    संदीप कुमार

    उ. चूंकि यह प्रखंड कृषि प्रधान है, खेती के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। अगर सिंचाई के समुचित व्यवस्था हो जाती है तो किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

    प्र. मनरेगा क्या है, मजदूरों को इससे लाभ मिलता है?

    रजनी कुमारी

    उ. मनरेगा एक अधिनियम है, इसका उद्देश्य गांव के मजदूरों को गांव में ही काम देना है, ताकि उनका पलायन रोका जा सके। रोजगार का सृजन करना व क्षेत्र का विकास इसका उद्देश्य है। मजदूरों को साल में सौ दिनों के काम की गारंटी दी जाती है।

    प्र. सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की स्थिति कब सुधरेगी?

    धीरज कुमार चौधरी

    उ. शिक्षकों की कमी के कारण सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। सरकारी स्तर पर शिक्षकों की बहाली की पहल की जा रही है। शिक्षकों की कमी दूर होने के बाद सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार होगा।

    प्र. देश में भ्रष्टाचार क्यों बढ़ रहा है?

    शिखा कुमारी

    उ. कुछ लोग कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लिए भ्रष्टाचार का सहारा ले रहे हैं। लेकिन यह गलत है और सरकार ने इसकी रोकथाम के लिए कानून बनाया है। हमेशा याद रखिये गलत काम का हमेशा गलत अंजाम होता है।

    प्र. चिकित्सक की कमी को दूर करने के लिए क्या किया जा रहा है?

    सौरभ

    उ. अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के बारे में उपायुक्त को लिखा गया है। यहां मात्र दो चिकित्सक हैं। जिस कारण चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गयी है। जैसे ही चिकित्सक की नियुक्ति हो जाएगी स्थिति में सुधार आ जाएगा।

    प्र. सरकार विद्यार्थियों के लिए कौन-कौन सी योजना चला रही है?

    अंकिता कुमारी

    उ. सरकार द्वारा बच्चों के लिए एमडीएम, छात्रवृत्ति, साइकिल, पोशाक वितरित किया जा रहा है। साथ ही बच्चों को पुस्तकें भी दी जा रही है। जॉब कार्डधारी मजदूरों के बच्चों को भी लाभ दिया जाता है।

    प्र. बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए क्या संदेश देंगे?

    नितिन कुमार सिंह

    उ. मेहनत व लगन से पढ़ाई करें। अपने साथ समाज के माहौल को बदले। सेवा की भावना पैदा करें। असफलता से घबराए नहीं और दोबारा ज्यादा मेहनत से सफलता प्राप्त करने को जुट जाएं। सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को सफल बनाती है।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर