चतरा में TSPC समर्थक हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार, नक्सली कनेक्शन का खुलासा
चतरा पुलिस ने साई नाथ लाइन होटल के पास से हथियार और गोलियों के साथ एक टीएसपीसी समर्थक मुकेश गंझू ...और पढ़ें

चतरा में टीएसपीसी समर्थक मुकेश गंझू गिरफ्तार। जागरण
HighLights
चतरा में टीएसपीसी समर्थक मुकेश गंझू गिरफ्तार।
पुलिस ने देशी कट्टा और 50 जिंदा गोलियां बरामद कीं।
नक्सली से हथियार मिलने और गैंग से संबंध का खुलासा।
संवाद सहयोगी, चतरा। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास से पुलिस ने हथियार और गोलियों के साथ एक टीएसपीसी समर्थक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के मुरपा निवासी मुकेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया है।
वहीं, जंगल में छिपाकर रखे गए निशानदेही स्थल से 50 जिंदा गोली और दो खोखा भी बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि 11 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम जैसे ही होटल के पास पहुंची, एक व्यक्ति मैदान से जंगल की ओर भागने लगा। छापामारी दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 10 जिंदा गोली बरामद हुई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई 50 जिंदा गोली और दो खोखा बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त छह मिसफायर गोली भी जब्त की गई। टीएसपीसी समर्थक ने पुलिस को बताया कि कट्टा व गोली टीएसपीसी के एक नक्सली के द्वारा दिया गया था। इसका सम्पर्क राहुल दुबे गैंग के साथ भी था।
इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार समर्थक को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
