NTPC की फ्लाई ऐश से चतरा की सड़कों पर प्रदूषण, वन विभाग ने एक सप्ताह में मांगा जवाब
एनटीपीसी टंडवा से फ्लाई ऐश के परिवहन में नियमों का पालन न होने से चतरा की सड़कें प्रदूषित हो रही हैं और राहगीरों को परेशानी हो रही है। दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी ने एनटीपीसी महाप्रबंधक को एक सप्ताह के भीतर कारण पृच्छा प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
एनटीपीसी टंडवा से फ्लाई ऐश परिवहन में नियमों का उल्लंघन।
चतरा की सड़कें प्रदूषित, राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत।
संवाद सहयोगी, चतरा। टंडवा स्थित एनटीपीसी से फ्लाई ऐश के परिवहन में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे टंडवा मुख्य सड़क समेत जिले की अन्य प्रमुख सड़कों पर फ्लाई ऐश उड़ने से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने की शिकायतें मिल रही हैं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी सह जिला पर्यावरण समिति के सदस्य सचिव अहमद बेलाल अनवर ने एनटीपीसी टंडवा के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र जारी कर जवाब मांगा है। दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न स्रोतों, समाचार पत्रों और आम लोगों के माध्यम से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि एनटीपीसी टंडवा से फ्लाई ऐश के परिवहन के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इसके कारण मुख्य सड़कों पर फ्लाई ऐश फैलने और उड़ने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।
साथ ही आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि फ्लाई ऐश के परिवहन में निर्धारित एसओपी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही इस मामले में कारण पृच्छा प्रतिवेदन एक सप्ताह के अंदर चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल कार्यालय में समर्पित करने को कहा गया है। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इसे अति आवश्यक मामला बताते हुए निर्देश का गंभीरता से पालन करने को कहा है।
इस पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, चतरा को भी सूचनार्थ भेजी गई है। अब देखना होगा कि एनटीपीसी प्रबंधन इस मामले में क्या जवाब देता है और फ्लाई ऐश से हो रही परेशानी को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है। फिलहाल, स्थानीय लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।