एकलव्य विद्यालय में नशाखोरी: विरोध करने पर चतरा में 4 सहपाठियों ने मिलकर 7वीं के छात्र को मार डाला; प्राचार्य-वार्डन पर भी FIR
चतरा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के छात्र रविकांत हेंब्रम की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नशाखोरी का विरोध करने पर चार सहपाठियों ने उसे मौत के घाट उतारा, जिससे छात्रावास में नशीले पदार्थों की पहुंच उजागर हुई।

मृतक के पिता ने प्रभारी प्राचार्य और वार्डन पर भी कराया एफआईआर।
HighLights
छात्र रविकांत हेंब्रम की सहपाठियों ने की हत्या।
नशाखोरी का विरोध करने पर हुई यह खौफनाक वारदात।
विद्यालय छात्रावास में नशीले पदार्थ पहुंचने का खुलासा।
संवाद सूत्र, कन्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के छात्र रविकांत हेंब्रम (14) की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नशाखोरी का विरोध करने पर विद्यालय के ही चार सहपाठियों ने मिलकर रविकांत को मौत के घाट उतार दिया।
इस खौफनाक वारदात ने आवासीय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि विद्यालय के छात्रावास में धड़ल्ले से नशीले पदार्थ पहुंच रहे थे।
यहां के कई छात्र खैनी, गांजा और शराब का सेवन करते थे। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार ने भी इसकी पुष्टि करते हुए माना है कि पूर्व में कई बार छात्रों के पास से खैनी बरामद की जा चुकी है।
धमकी मिलने के बाद भी प्रबंधन बना रहा मूकदर्शक
मृतक के परिजनों का आरोप है कि छात्रावास में बाहर से शराब और खैनी जैसे नशीले पदार्थ मंगवाए जाते थे, जिसका रविकांत विरोध करता था। इसी बात को लेकर कुछ छात्रों से उसका विवाद चल रहा था।
पिता राजेश हेंब्रम ने बताया कि बेटे ने कुछ दिन पहले ही फोन कर जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही थी, लेकिन शिकायत के बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने उसकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
इस मामले में पिता ने राजपुर थाने में आवेदन देकर छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें हत्या में शामिल चार छात्रों के अलावा प्रभारी प्राचार्य रेशमा और वार्डन सैफ अली शामिल हैं।
चार सहपाठियों ने मिलकर रची मौत की साजिश, भेजे गए बाल सुधार गृह
राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल चारों नाबालिग छात्रों को निरुद्ध कर हजारीबाग बाल सुधार गृह भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चारों आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम देने का गुनाह कबूल कर लिया है। सभी आरोपी सातवीं कक्षा के छात्र और रविकांत के सहपाठी हैं।
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़, उठे गंभीर सवाल
आवासीय विद्यालय में दूर-दराज के क्षेत्रों से बच्चे भविष्य संवारने आते हैं, जिनकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन पर होती है। छात्रावास में नशीले पदार्थों की आवाजाही और छात्रों के बीच बढ़ते तनाव की जानकारी होने के बावजूद प्रशासन का मौन रहना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को जानें
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS - Eklavya Model Residential Schools) भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय (Ministry of Tribal Affairs) द्वारा शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति (ST) के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करना है।
एकलव्य विद्यालय की मुख्य विशेषताएं
- आवासीय सुविधा और निःशुल्क शिक्षा: यह विद्यालय पूरी तरह से आवासीय (हॉस्टल युक्त) होते हैं। यहां कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की पढ़ाई होती है। छात्रों के रहने, खाने, किताबों, यूनिफॉर्म और पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाती है।
- जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर संचालन: इन स्कूलों को 'जवाहर नवोदय विद्यालय' (JNV) के स्तर का बनाया गया है, जहां आधुनिक शिक्षा, खेलकूद और कौशल विकास (Skill Development) पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
- प्रवेश प्रक्रिया: इन विद्यालयों में दाखिला एक प्रवेश परीक्षा (Entrance Exam) के माध्यम से होता है, ताकि योग्य और प्रतिभाशाली आदिवासी बच्चों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
- समान अवसर: यहां लड़कों और लड़कियों के लिए सीटों की संख्या बराबर (50-50%) रखी जाती है। साथ ही, कुल सीटों का 10% हिस्सा गैर-जनजातीय (Non-ST) वर्ग के स्थानीय बच्चों के लिए भी आरक्षित हो सकता है (विशेष परिस्थितियों में, जैसे दिव्यांग या स्कूल के स्टाफ के बच्चे आदि)।
- कहां स्थापित किए जाते हैं: भारत सरकार के नियमों के अनुसार, ऐसे हर ब्लॉक (प्रखंड) में एक एकलव्य विद्यालय खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जहां की कुल आबादी का 50% या उससे अधिक हिस्सा अनुसूचित जनजाति (ST) का हो और कम से कम 20,000 आदिवासी आबादी निवास करती हो।
सरल शब्दों में कहें तो, यह आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा देकर उन्हें मुख्यधारा और प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे JEE, NEET, UPSC आदि) के लिए तैयार करने का एक प्रमुख माध्यम है। चतरा का यह वारदात शिक्षा विभाग के लिए सबक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।