चतरा में एकलव्य मॉडल स्कूल के 7वीं के छात्र की हत्या, नशे की शिकायत पर गला घोंटने की आशंका; चार सहपाठी हिरासत में
चतरा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के छात्र रविकांत हेंब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सहपाठियों पर नशे की शिकायत करने पर गमछे से गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है।

पुलिस कर रही हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
HighLights
एकलव्य स्कूल के छात्र रविकांत हेंब्रम की संदिग्ध मौत।
परिजनों ने सहपाठियों पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
संवाद सूत्र, कन्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत चोरनीतरी गांव निवासी रविकांत हेंब्रम (14 वर्ष), पिता राजेश हेंब्रम के रूप में हुई है।
स्वजनों ने विद्यालय के सहपाठियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि रविकांत की हत्या छात्रावास में ही की गई है। बताया जा रहा है कि सहपाठियों के बीच नशे के सेवन को लेकर विवाद चल रहा था। सूत्रों के अनुसार, विद्यालय के कुछ छात्र कथित रूप से नशीले पदार्थों का सेवन करते थे।
रविकांत इसकी जानकारी विद्यालय प्रबंधन को देता था। इसी बात को लेकर कुछ सहपाठियों में नाराजगी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या की साजिश रची गई और गमछे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का कहना है कि उन्हें रात करीब 12 बजे घटना की जानकारी दी गई। जब वे विद्यालय पहुंचे तो छात्र के मुंह से झाग निकल रहा था। इस परिस्थिति को देखकर उन्हें उसकी मौत पर संदेह हुआ। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, छात्र की मौत की खबर फैलते ही आदिवासी समाज के लोग एकजुट हो गए और विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की जांच करने की मांग की।
मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। चार छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जा चुकी है।
परिजनों के आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।