Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Rain: इटखोरी में बारिश से बाढ़ का कहर, घरों में घुसा पानी, लोग छत पर शरण लिए

    Updated: Fri, 22 Aug 2025 11:33 AM (IST)

    चतरा के इटखोरी में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। पितीज स्थित बसाने नदी में उफान आने से आसपास के गांवों में पानी भर गया है। राणा टोला में कई ...और पढ़ें

    Hero Image
    इटखोरी में बारिश से बाढ़ का कहर

    पंकज कुमार सिंह, इटखोरी (चतरा)। इटखोरी थाना क्षेत्र में गुरुवार मध्य रात्रि से हो रही लगातार बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पितीज स्थित बसाने नदी उफान पर आ गई है, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया। निचले इलाकों में बने कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पितीज पंचायत के राणा टोला सहित दर्जनों घर जलमग्न हो गए हैं। ग्रामीण अपने परिवार और सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में जूझ रहे हैं। पितीज गांव में हालात सबसे ज्यादा भयावह हैं।

    यहां मुन्ना यादव का दो मंजिला मकान आधा पानी में डूब चुका है। परिवार के लोग छत पर शरण लिए हुए हैं और जरूरी सामान भी ऊपर पहुंचा दिया है। इसी तरह कई परिवारों को मजबूरी में ऊपरी मंजिल या छत पर शरण लेना पड़ा है।

    बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित जगह पर ले जाना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। नदी किनारे दर्जनों पेड़ बाढ़ के पानी में बह गए हैं। कई जगहों पर बिजली के खंभे उखड़कर गिर पड़े हैं, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

    चतरा–इटखोरी मुख्य मार्ग पितीज के पास पानी में डूब गया है, जिससे यातायात प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और हर वक्त पानी के और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

    ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे धीरे-धीरे पानी बढ़ना शुरू हुआ और देखते ही देखते बाढ़ का रूप ले लिया। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है। हालांकि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन घरों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

    लगातार हो रही बारिश से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। वहीं प्रशासनिक टीम के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी भी साफ झलक रही है।

    साने नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से पितीज गुल्ली–कान्हाचट्टी मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ सोमनाथ बांकिरा, पितीज पंचायत के मुखिया रामदेव यादव और उप प्रमुख संजय साव मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

    बीडीओ ने निचले इलाकों में रह रहे लोगों से अपील की है कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।