Jharkhand Health: अनुबंध पर बहाल होंगे डाक्टर व कर्मी, स्वास्थ्य व्यवस्था में होगा सुधार
चतरा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में अपेक्षित सुधार के लिए आधारभूत संरचनाओं को सशक्त किया जा रहा है। इसके लिए चिकित्सक व कर्मी बहाल किए जाएंगे। मानव बल की कमियों को दूर करने के लिए अनुबंध के आधार पर बहाली होगी। बहाली को लेकर कागजी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मानदेय का भुगतान जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की राशि से होगा।

जुलकर नैन, चतरा। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में अपेक्षित सुधार को लेकर कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए आधारभूत संरचनाओं को सशक्त किया जा रहा है। कुल चालीस लोग बहाल किए जाएंगे।
मानव बल की कमियों को दूर करने के लिए अनुबंध के आधार पर बहाली होने वाली है। इनमें चिकित्सक से लेकर अन्य कर्मी शामिल हैं। बहाली को लेकर कागजी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट से होगा भुगतान
अनुबंध पर नियुक्ति के बाद इन चिकित्सकों व कर्मियों को मानदेय का भुगतान जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की राशि से होगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों में कुछ को सदर अस्पताल, तो कुछ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थापन करने की योजना है।
जिले में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति अत्यंत ही बदतर है। चिकित्सकों व कर्मियों के ढेर सारे पद रिक्त हैं। सदर अस्पताल से लेकर उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवन बनाए जा रहे हैं। लेकिन मानव संसाधनों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। डाक्टर से लेकर स्वास्थ्य कर्मियों के तीन चौथाई से अधिक पद खाली हैं।
सबसे हास्यास्पद तो यह है, जिले में आधी आबादी के लिए मात्र एक महिला चिकित्सक है। जिले में चिकित्सकों के स्वीकृत कुल पद 128 है। लेकिन इसके विरुद्ध मात्र 46 चिकित्सक कार्यरत हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी के पद वर्षों से खाली हैं। दोनों कार्यालयों का कामकाज प्रतिनियुक्त पदाधिकारी संभाल रहे हैं। जिले में मात्र दो ग्रेड ए परिचारिका पदस्थापित हैं।
जबकि स्वीकृत पद 44 है। महिला स्वास्थ्य परिदर्शिका के पद पर एक भी कार्यरत नहीं हैं। सभी 13 पद रिक्त हैं। इस प्रकार कई और पदों पर कर्मी नहीं हैं। कुछ पद तो ऐसे हैं, जो दशकों से खाली पड़े हैं।
जबकि यह आकांक्षी जिला है। परिस्थितियों को देखते हुए उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने एक साथ चिकित्सकों व कर्मियों के चालीस पदों पर बहाली का निर्णय लिया है। ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो सके।
स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करने के लिए तत्काल चालीस कर्मियों की बहाली की जा रही है। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक से लेकर अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। यह बहाली अनुबंध के आधार पर होगी। मानदेय का भुगतान डीएमएफटी से किया जाएगा। बहाली की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कीर्तिश्री जी, डीसी, चतरा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।