Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'RJD के असली सिपाही हम लोग', दो खेमों में बंटा राजद; बिहार चुनाव में पड़ सकता है असर

    चतरा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) दो गुटों में विभाजित हो गई है। जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव और प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में दोनों गुटों ने स्थापना दिवस पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए। नवल किशोर यादव ने गुटबाजी से इनकार किया जबकि योगेंद्र यादव ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया और संगठन को भाजपा की बी टीम बनाने की बात कही।

    By Julqar Nayan Edited By: Piyush Pandey Updated: Sat, 05 Jul 2025 03:46 PM (IST)
    Hero Image
    पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मनाया स्थापना दिवस।

    जागरण संवाददाता, चतरा। राष्ट्रीय जनता दल की चतरा जिला इकाई दो भागों में विभक्त हो गया है। एक का नेतृत्व लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव कर रहे हैं, तो दूसरे का प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव एवं दिनेश दांगी आदि कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पार्टी का स्थापना दिवस पर दोनों खेमों ने अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया है। जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित स्थापना दिवस बीएसएनएल टेलीफोन टावर रोड स्थित वरिष्ठ नेता सुभाष प्रसाद यादव के आवासीय परिसर में, तो विक्षुब्ध गुट का आयोजन नगवां मोहल्ला स्थित मोतीराम पासवान मैदान में हुआ।

    जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव ने विक्षुब्ध गुट के आयोजन को लेकर अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, विरोधी गुट का दावा है कि राजद का असली सिपाही हम ही लोग हैं। प्रस्तुत है दोनों के आरोप-प्रति आरोप का संक्षिप्त विवरण।

    दूसरे गुट की जानकारी नहीं, पार्टी को मजबूत करना प्राथमिकता - नवलकिशोर

    लगातार तीन बार से पार्टी का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव कहते हैं कि संगठन का स्थापना दिवस है, इस निमित कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। हर साल पांच जुलाई को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाता है।

    संगठन के नेता और कार्यकर्ता यहां के आयोजन में उपस्थित हैं। दूसरे गुट की जानकारी नहीं है और न ही उनके कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की जानकारी दी गई है। दल के भीतर कोई गुटबाजी नहीं है।

    राष्ट्रीय जनता दल के समर्थित नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं। वर्करों की एकजुटता कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ से स्पष्ट हो जाती है।

    जिला अध्यक्ष कहते हैं कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश को उपस्थित होना था। लेकिन पटना में पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन होने के कारण दोनों उपस्थित नहीं हो सके।

    स्थापना दिवस कार्यक्रम समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अतीक मंसुरी, अब्दुल्लाह अंसारी, प्रतीक अंगार सहित भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष ने इस मौके पर केक काटा और फिर संबोधन का कार्यक्रम चला। मंच का संचालन अतीक मंसुरी ने किया।

    चुनाव में धांधली कर अध्यक्ष बने, संगठन को बना दिया भाजपा की बी टीम- योगेंद्र यादव

    लड़ाई अस्तित्व की है। संगठन को बिखरता हुआ नहीं देख सकते हैं। राजद का सच्चा सिपाही हूं। संगठन को खून और पसीनों से सींचा हूं। संगठन के जितने से वरिष्ठ और समर्पित नेता अथवा कार्यकर्ता हैं, वे उनके साथ नहीं है।

    उनकी कमेटी नकली है। चुनाव में धांधली कर अध्यक्ष बने हैं। पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अपने हिसाब से संगठन को चलाना चाहते हैं। यह आरोप राजद के विक्षुब्ध खेमा के नेता योगेंद्र कुमार यादव का है।

    योगेंद्र यादव कहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष को पूरे मामले की जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वस्त किया है कि राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद चतरा के मामलों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा।

    गठित कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। योगेंद्र यादव कहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन पर समानांतर कमेटी गठन की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

    उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम पूरे उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। आयोजन में वरिष्ठ नेता डा. मुर्तुजा, नंद किशोर ठाकुर, दिनेश दांगी, राजू वर्मा आदि सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।