Varanasi-Kolkata Expressway का गिरिडीह सांसद ने किया निरीक्षण, खेतों में फ्लाई एश से फसल बर्बाद; मुआवजे की उठी मांग
Giridih MP Chandra Prakash Chaudhary ने वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया, जहाँ फ्लाई एश से फसलों को नुकसान, लंबित मुआवजे और अंडरपास की कमी पाई गई।

पेटरवार में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चाैधरी का स्वागत करते ग्रामीण।(फोटो जागरण)
संवाद सहयोगी, पेटरवार (बोकारो)। Varanasi-Kolkata Expressway भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन वाराणसी-कोलकाता सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे का मंगलवार को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने निरीक्षण किया। पेटरवार, कसमार और जरीडीह प्रखंड के प्रभावित गांवों में पहुंचकर उन्होंने निर्माण कार्य की जमीनी स्थिति देखी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान निर्माण स्थल से बहकर खेतों में पहुंची फ्लाई एश और मिट्टी से धान की फसल को हुए नुकसान, रैयतों के लंबित मुआवजे, अंडरपास की कमी तथा निर्माण कार्य में तकनीकी खामियों का मामला सामने आया।
सांसद ने पेटरवार के चरगी, लेपो, कोनारबेड़ा, अरारी व रुकाम, कसमार के करकट्टा कला, बरईकला, चंडीपुर, बगियारी व बगदा तथा जरीडीह के भस्की, अराजु व कमलापुर सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान निर्माण स्थल से बहकर फ्लाई एश व मिट्टी खेतों में जमा होने से बड़ी मात्रा में फसल बर्बाद हुई है। साथ ही अंडरपास, स्थानीय मजदूरों को रोजगार, पेड़ों को हटाने और मुआवजा भुगतान की मांग रखी।
सीओ को तत्काल क्षति आकलन का निर्देश
फसल नुकसान को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने मौके पर मौजूद अंचल अधिकारियों को प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर क्षति का प्रशासनिक आकलन करने और किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को विकास कार्य की कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी। जिनकी फसल बर्बाद हुई है, उन्हें हर हाल में मुआवजा दिलाया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के बाद भी कई रैयतों को भुगतान नहीं मिलने पर सांसद ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक अंडरपास नहीं बनने और कुछ स्थानों पर सड़क के स्तर में तकनीकी खामियां मिलने पर भी सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जरूरी है, लेकिन किसानों की फसल, रैयतों के अधिकार और ग्रामीणों की सुविधा से समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, एनएचएआई के परियोजना निदेशक धनबाद विशाल सिंह, अपर समाहर्ता सतीश चंद्रा , भाजपा नेत्री एंजला सिंह सहित भारी संख्या ग्रामीण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- CISF Transfer: पांच DIG के कार्यक्षेत्र बदले, तीन महीने में जितेंद्र तिवारी का बोकारो से बेंगलुरु तबादला
यह भी पढ़ें- उरांव समाज में दो दिनों तक श्रद्धा से मनाया जाता है जिउतिया पर्व, सूर्य और पीपल की पूजा का विशेष महत्व
