Starlink से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा! बोकारो में स्वदेशी जागरण मंच का प्रदर्शन
Starlink Satellite Internet: स्वदेशी जागरण मंच ने बोकारो में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में व्यावसायिक सैटेलाइट ब्राडबैंड ...और पढ़ें

Bokaro में स्टारलिंक के विरोध में स्वदेशी जागरण मंच ने किया प्रदर्शन। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता,बोकारो। Bokaro News: स्वदेशी जागरण मंच, बोकारो महानगर ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में व्यावसायिक सैटेलाइट ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति नहीं देने की मांग की है। मंच के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट के समीप प्रदर्शन किया।
बाद में राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा संप्रभुता और भारतीय डिजिटल संचार व्यवस्था की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त, बोकारो के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बनेगी चुनौती
मंच के जिला संयोजक प्रमोद कुमार सिन्हा ने ज्ञापन में कहा है कि स्टारलिंक की तकनीक भारत की नियामकीय व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पेश कर सकती है।
कंपनी डेटा को ग्राउंड स्टेशन तक पहुंचने से पहले सीधे सैटेलाइट के माध्यम से ट्रांसमिट करने के लिए लेजर आधारित सैटेलाइट लिंक का उपयोग करती है। इससे भारतीय गेटवे को बाइपास करने की आशंका पैदा होती है, जो कानूनी निगरानी और नियमों के अनुपालन को कठिन बना सकती है।
भारतीय कानूनों का पालन करना सुनिश्चित
इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया और संचार माध्यम कई बार अफवाहों, देशविरोधी गतिविधियों एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को बढ़ावा देते हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और भारतीय कानूनों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मंच ने आशंका जताई कि सैटेलाइट इंटरनेट का इस्तेमाल संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में अनधिकृत संचार के लिए भी किया जा सकता है। भारत ने स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसरो, चंद्रयान मिशन, मंगलयान और गगनयान जैसे अभियानों के माध्यम से देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है।
भारतीय कंपनियों को प्रोत्साहित करना जरूरी
भारत में स्वदेशी 4जी तकनीक के विस्तार के साथ 5जी सेवाएं भी शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में विदेशी कंपनियों पर निर्भरता बढ़ाने के बजाय घरेलू तकनीक और भारतीय संचार कंपनियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
मौके पर सचिंद्र कुमार बरियार, दिलीप वर्मा, अजय सिंह, जयशंकर प्रसाद, कुमार संजय, ददन प्रसाद, नवीन सिन्हा, विनोद चौधरी, राकेश रंजन, सुजीत कुमार, मनीष श्रीवास्तव, सुरेश सिन्हा, कृष्णा राय, अखिलेश कुमार, अरविंद सिंह, प्रेम प्रकाश, सुजीत कुमार श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार वर्मा, रंजीत कुमार, रंजीत बरनवाल, दिलीप कुमार और राज श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।