SAIL में 62 नए प्रबंध प्रशिक्षु, मैनपावर संकट होगा दूर
SAIL को जल्द ही 62 नए प्रबंध प्रशिक्षु मिलेंगे, जिससे कंपनी की विभिन्न इकाइयों में मैनपावर की कमी दूर होगी। ...और पढ़ें

स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की अलग-अलग इकाइयों में 62 नए अधिकारियों की नियुक्ति प्रबंध प्रशिक्षु के पद पर होगी। पद की अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र की जांच आगामी 18 नवंबर 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के सेक्टर तीन स्थित मैनेजमेंट ट्रेनिंग हास्टल में की जाएगी।
इसके बाद उम्मीदवारों की चिकित्सीय जांच के बाद उन्हें दिसंबर माह तक कंपनी में स्थायी रूप से नियोजन का नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा। नव चयनित अधिकारियों की नियुक्ति बोकारो, दुर्गापुर, इस्को बर्नपुर, राउरकेला, भिलाई इस्पात संयंत्र आदि इकाइयों में की जाएगी।
इससे मैनपावर की कमी झेल रहे सेल प्रबंधन को बड़ी राहत मिलेगी। सेल में प्रबंध प्रशिक्षु पद के लिए 12 नवंबर 2025 को वैकेंसी निकाली गई थी। इसके बाद इसी वर्ष देश के अलग-अलग शहरों में उम्मीदवारों का कंप्यूटर बेस्ड आनलाइन लिखित परीक्षा ली गई थी।
इस परीक्षा में सफल कई उम्मीदवारों ने अपने निजी कारणों का हवाला देकर सेल प्रबंधन से कार्यभार ग्रहण करने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी थी। इनमें 62 उम्मीदवारों को अब प्रबंध प्रशिक्षु के पद पर नियुक्त किया जा रहा है।
किस पद के लिए कितने अधिकारियों का होगा चयन
महारत्न कंपनी सेल में प्रबंध प्रशिक्षु इलेक्ट्रिकल के पद पर 23, मैकेनिकल के पद पर 19, मेट्रोलाजी के पद पर 6, इंस्ट्रूमेंटेशन के पद पर 4, सिविल के पद पर 7, केमिकल के पद पर 2 तथा प्रबंध प्रशिक्षु कंप्यूटर के पद पर 1 अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
सभी अधिकारी दिसंबर माह में अपने-अपने पद पर कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। सेल की अलग-अलग इकाइयों में प्रतिमाह अधिकारी व कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति से मैनपावर का संकट गहराता जा रहा है। सिर्फ बोकारो इस्पात संयंत्र की बात करें तो इस माह यानी कि नवंबर में यहां कुल 35 अधिकारी व कर्मचारी अपने पद से सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
इनमें 11 अधिकारी व 24 कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में सेल की अलग-अलग इकाइयों में नए प्रबंध प्रशिक्षुओं के पदभार ग्रहण से काफी हद तक मैनपावर की समस्या से निजात मिल सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।