SAIL: बोकारो स्टील प्लांट के गिफ्ट कार्ड में भी धंधेबाजों ने खोजा मुनाफे का मौका, कर्मचारियों को लगा रहे चूना
SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा दीपावली पर कर्मचारियों, अधिकारियों और ठेका श्रमिकों को दिए गए रिलायंस व अमेजन गिफ्ट कार्ड का धंधेबाज व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं।

दिवाली पर मजदूरों को गिफ्ट कार्ड दे रहा बोकारो स्टील प्रबंधन। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL News: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में बेहतर मुनाफा होने के बाद यहां काम करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों व ठेका श्रमिकों को दीपावली के अवसर पर रिलायंस व अमेजन कंपनी के गिफ्ट कार्ड दिए जा रहे हैं।
इनमें ठेका श्रमिकों को 1,200 रुपये, कर्मचारियों को 3,600 रुपये तथा अधिकारियों को 5,500 रुपये के गिफ्ट कार्ड दिए गए हैं। इन कार्डों के जरिए संबंधित कंपनियों के किसी भी प्रतिष्ठान से ऑनलाइन खाद्य पदार्थों समेत अन्य सामग्री की खरीदारी बोकारो सहित देश के किसी भी स्थान पर की जा सकती है।
गिफ्ट कार्ड की वैधता एक साल निर्धारित की गई है, लेकिन इसी बीच बीएसएल के इस उपहार का व्यावसायिक इस्तेमाल अब कई धंधेबाजों द्वारा किया जा रहा है।
मजदूरों को तकनीकी जानकारी नहीं होने का उठा रहे फायदा
बीएसएल में कई ऐसे ठेका श्रमिक व कर्मचारी हैं, जो आज भी डिजिटल मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते हैं। वहीं, कई ऐसे भी हैं, जिनके पास डिजिटल मोबाइल फोन होने के बावजूद ऑनलाइन खरीदारी की तकनीकी जानकारी नहीं है। इसका सीधा लाभ अब धंधेबाजों को मिल रहा है।
वे ठेका श्रमिकों व कर्मचारियों की इस कमजोरी का आर्थिक लाभ उठाते हुए उन्हें प्रलोभन देकर 1,200 व 3,600 रुपये के गिफ्ट कार्ड के बदले क्रमशः 1,000 व 3,000 रुपये नकद दे रहे हैं। इस तरह वे गिफ्ट कार्ड तय मूल्य से कम दर पर हासिल कर रहे हैं। प्रति व्यक्ति गिफ्ट कार्ड पर न्यूनतम 200 रुपये से लेकर अधिकतम 600 रुपये तक की उगाही की जा रही है।
वाउचर के साथ नकद गिफ्ट की उठी मांग
मामले की जानकारी होने के बाद बीएकेएस के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर कुमार ने बीएसएल प्रबंधन से किसी भी प्रकार के उपहार वितरण के लिए वाउचर और नकद, दोनों प्रकार की व्यवस्था अपनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आयकर के दायरे से बाहर रहने वाले कर्मियों को ही गिफ्ट कार्ड दिया जाना चाहिए।
BSL प्रबंधन चला रहा जागरूकता अभियान
वहीं, बीएसएल प्रबंधन भी गिफ्ट कार्ड के सही इस्तेमाल को लेकर अपने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व ठेका श्रमिकों को जागरूक कर रहा है। इसके लिए कार्मिक विभाग की ओर से गिफ्ट कार्ड प्राप्त करने, उसके पासवर्ड की गोपनीयता बनाए रखने और उसके उपयोग से संबंधित एक वीडियो भी जारी किया गया है।
बताया गया है कि गिफ्ट कार्ड की खरीद-फरोख्त के इस धंधे में यदि बीएसएल के किसी कर्मचारी, अधिकारी या ठेका श्रमिक की संलिप्तता पाई गई, तो उसे निलंबित कर ठोस विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- SAIL में 62 नए प्रबंध प्रशिक्षु, मैनपावर संकट होगा दूर
यह भी पढ़ें- कोल इंडिया का 815 मिलियन टन उत्पादन लक्ष्य, रफ्तार बढ़ाने बेरमो पहुंचे डीटी अच्युत घटक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।