'आतंकियों को मिट्टी में मिलाया...', बोकारो में BJP नेता ने जमकर की भारतीय सेना की तारीफ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने बोकारो में भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सेना को दिया और कहा कि कश्मीर पर भाजपा की नीति स्पष्ट है। बंसल ने पुरुलिया में नए भाजपा कार्यालय की शुरुआत और एक देश एक चुनाव पर चर्चा की बात कही जो देश के विकास के लिए जरूरी है।

जागरण संवाददाता, बोकारो। जो भाजपा कहती है, वह करती है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने सोमवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
वे पुरी-नई दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस से बोकारो पहुंचे, जहां स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में बोकारो और पुरुलिया के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।
इस दौरान उनके साथ पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय महतो, स्थानीय भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
नए पार्टी कार्यालय की होने जा रही शुरुआत
सुनील बंसल ने बताया कि पुरुलिया में भाजपा के नए पार्टी कार्यालय की शुरुआत होने जा रही है। इसके अतिरिक्त आसनसोल में वन नेशन, वन इलेक्शन (एक देश, एक चुनाव) को लेकर प्रबुद्धजनों के साथ बैठक में भाग लेने आए हैं। यह देश के लिए आवश्यक है कि संसाधन बचाकर देश को विकास के रास्ते पर ले जाया जाय।
सेना के शौर्य को सलाम
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उन्होंने पहले सेना के शौर्य को सलाम किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर को लेकर भाजपा की नीति स्पष्ट है। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को पूरी दुनिया ने देखा है। भारतीय सेना विश्व की प्रमुख पराक्रमी सेना में से एक है।
हमारी सेना ने किसी नागरिक ठिकानों पर हमला नहीं किया। हमारी सेना के निशाने पर आतंकी और उनके संरक्षणकर्ता थे, उन्हें मिट्टी में मिलाने का काम भारत की वीर सेना ने किया है।
आतंकी ठिकानों को किया नष्ट
1971 के बाद पहली बार हमारी सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। यह नया भारत अब चुप नहीं बैठता, अगर हमारे निर्दोष नागरिकों पर हमला होगा तो हम किसी को नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना के जवानों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जब नेतृत्व सशक्त होता है, तब बड़े और कड़े फैसले लिए जाते हैं।
देश की सीमाओं की सुरक्षा पर भाजपा की नीति स्पष्ट बताते हुए उन्होंने कहा कि इन मसलों पर भाजपा कोई समझौता नहीं करेगी, क्योंकि देश की सुरक्षा प्राथमिकता में सबसे ऊपर है।
स्वागत करने वालों में बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह, संजय त्यागी, कमलेश राय, अविनाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयदेव राय समेत अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर सुनील बंसल का अभिनंदन किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।