SAIL जूनियर मैनेजर में परीक्षा गड़बड़ी, एक दर्जन से ज्यादा अधिकारी प्रबंधन की रडार पर; कड़ी कार्रवाई की तैयारी
सेल जूनियर मैनेजर 2026 परीक्षा में गड़बड़ी के बाद प्रबंधन एक दर्जन से अधिक संदिग्ध अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी में है। बोकारो इस्पात संयंत्र से जुड़े लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई व तबादले किए जाएंगे।

बोकारो में बार-बार इंटरनल एग्जाम में गड़बड़ी की शिकायत से प्रबंधन हुई परेशान।
HighLights
सेल जूनियर मैनेजर 2026 परीक्षा परिणाम रद्द हुआ।
एक दर्जन से अधिक अधिकारी, कर्मचारी प्रबंधन की रडार पर।
बोकारो में गड़बड़ी की शिकायतें बार-बार मिलीं।
जागरण संवाददाता, बोकाराे। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में आंतरिक परीक्षा के माध्यम से कर्मचारी से अधिकारी बनने के लिए आयोजित जूनियर मैनेजर (ई-जीरो) 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम रद किए जाने के बाद अब प्रबंधन इस मामले में संदिग्धों पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
प्रबंधन की रडार पर सेल के एक दर्जन से अधिक अधिकारी व कर्मचारी हैं, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ई-जीरो परीक्षा के संचालन को प्रभावित किया है। इन सभी से एक-एक कर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ ठोस विभागीय कार्रवाई करने के साथ-साथ उनका तबादला कंपनी की माइंस व अन्य इकाइयों में किया जाएगा। इस पूरे मामले में सबसे अधिक संदिग्ध बोकारो इस्पात संयंत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनकी पृष्ठभूमि खंगालने की कवायद शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि महारत्न कंपनी सेल में जूनियर मैनेजर 2026 की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा पांच जुलाई 2026 को हुई थी, जिसमें लगभग आठ हजार कर्मचारी शामिल हुए थे। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संचालन के लिए देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में दो दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
इसके बावजूद बोकारो व धनबाद के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के इस्तेमाल की बात सामने आई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता व संचालन प्रभावित हुआ। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच सेल के विजिलेंस विभाग को सौंपी गई।
जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। सेल मुख्यालय के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि जब भी ई-जीरो की परीक्षा होती है, गड़बड़ी का मामला बोकारो से ही सामने आता है।
इसी कारण इस बार प्रबंधन ने मामले की गहन छानबीन कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जब तक पूरे मामले में शामिल लोगों के चेहरे से पर्दा नहीं हट जाता, तब तक ई-जीरो की परीक्षा की नई तिथि तय नहीं की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।