SAIL इकाइयों में सीआईएसएफ डीआईजी पद पर संकट, बल कटौती से बदलेगी सुरक्षा व्यवस्था
SAIL की इकाइयों में सीआईएसएफ डीआईजी के पद पर संकट गहरा गया है क्योंकि बल सदस्यों की संख्या में कटौती की जा रही है।

SAIL Bokaro CISF परेड ग्राउंड के उद्घाटन के माैके पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी। (फाइल फोटो)
HighLights
सेल इकाइयों में सीआईएसएफ डीआईजी पद पर संकट गहराया।
बल सदस्यों की संख्या में 2,120 की कटौती की जा रही है।
बोकारो सहित कई इकाइयों में सीनियर कमांडेंट संभालेंगे सुरक्षा।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की इकाई में सीआइएसएफ डीआइजी के पद को लेकर संकट गहरा गया है। वर्तमान समय में सेल के बोकारो, दुर्गापुर, राउरकेला व भिलाई इस्पात संयंत्र में डीआइजी स्तर के अधिकारी कार्यरत हैं।
CISF DIG के जिम्मे औद्योगिक संस्थान की सुरक्षा के साथ सीआइएसएफ कर्मियों के विभागीय कार्यप्रणाली की देख रेख भी है। अब जबकि सेल के इकाईयों में कुल 2,120 जवान व अधिकारियों की संख्या में कटौती की जा रही है तो इसके साथ ही बीएसएल, दुर्गापुर, राउरकेला व भिलाई में डीआइजी के पद को लेकर संशय बरकरार हो गया है।
इसका कारण यह है की महारत्न कंपनी सेल सहित किसी भी सार्वजनिक लोक उपक्रम में सीआइएसएफ डीआइजी पद के लिए संबंधित इकाई में जवान व अधिकारियों की संख्या 12 से 16 सौ होनी अनिवार्य है। इससे कम मानव शक्ति वाली इकाई का संचालन सीनियर कमांडेंट या कमांडेंट स्तर के अधिकारी करते है।
सेल प्रबंधन व सीआइएसएफ मुख्यालय के बीच हुए आंतरिक वार्ता में लागत नियंत्रण के लिए कंपनी के किसी भी इकाई में जवान व अधिकारियों की संख्या एक हजार से ज्यादा नही करने का प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है।
इसके बाद यह कयास लगाया जा रहा है की सेल की चारों महत्वपूर्ण इकाई में डीआइजी के बजाए सीनियर कमांडेंट रैंक के अधिकारी यहां की सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे।
हालांकि बीएसएल इकाई के डीआइजी के जिम्मे बीपीएससीएल, बीटीपीएस बोकारो थर्मल, सीटीपीएस चंद्रपुरा तथा ललपनिया इकाई का भी नियंत्रण है। जो की डीआइजी पद पर बने संकट के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगा।
किस इकाई में कितने जवानों की संख्या होगी कम
महारत्न कंपनी सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र में वर्तमान समय में 1,434 सीआइएसएफ के जवान व अधिकारी कार्यरत है। इनमें 488 कर्मियों की संख्या कम कर 946 जवानों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
इसी प्रकार दुर्गापुर में 1,637 बल सदस्य कार्यरत है, इनमें 633 कर्मियों की संख्या कम कर 1,004, राउरकेला में 1,194 जवान कार्यरत है, इनमें 306 बल सदस्यों की कटौती कर 888 तथा भिलाई इस्पात संयंत्र में वर्तमान समय में 1,476 जवान कार्यरत है, इनमें 463 कर्मियों की संख्या को कम कर 1,013 अधिकारी व जवानों की तैनाती की जाएगी।
सेल के ऐसे इकाई जहां डीआइजी का पद नही है, वहां भी अधिकारी व जवानों की संख्या को कम करने का कवायद की जा रही है। इनमें इस्को बर्नपुर में सीआइएसएफ की वर्तमान संख्या 783 में 194 कर्मियों को कम कर 589 तथा सलेम इस्पात संयंत्र में सीआइएसएफ की वर्तमान संख्या 190 में 36 कर्मियों की कटौती कर 154 अधिकारी व जवानों को सुरक्षा व्यवस्था का बागडोर सौंपा जाएगा।
