सेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में उत्पादन और बिक्री के नए कीर्तिमान स्थापित किए
SAIL ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही और सितंबर 2026 में उत्पादन, विक्रय और दक्षता में कई रिकॉर्ड बनाए हैं।

स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) और सितंबर 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्पादन, विक्रय और दक्षता के मानकों पर अब तक के कई सर्वश्रेष्ठ कीर्तिमान हासिल किए हैं।
प्रचालन उत्कृष्टता, हाई-एंड इस्पात उत्पादन और वित्तीय अनुशासन पर कंपनी के फोकस के चलते सतत वृद्धि हुई और प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार हुआ।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही की संचयी अवधि के दौरान, सेल ने हाट मेटल, क्रूड स्टील और फिनिश्ड स्टील का अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन क्रमशः 10.2 मिलियन टन, 9.6 मिलियन टन और 8.39 मिलियन टन दर्ज किया, जिसमें पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः दो प्रतिशत, एक प्रतिशत और एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसी के साथ कुल विक्रेय इस्पात उत्पादन में फिनिश्ड स्टील उत्पादन की हिस्सेदारी बढ़कर 89.2 प्रतिशत हो गई, जो अप्रैल-सितंबर 2025 में 86.8 प्रतिशत थी।
नेट सेल्स रियलाइजेशन बढ़ाने वाले उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, सेल ने अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए, अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ लगभग दो मिलियन टन हाई-एंड इस्पात उत्पादन किया है।
कंपनी ने लौह अयस्क उत्पादन और लौह अयस्क विक्रय दोनों में ही अप्रैल-सितंबर के दौरान अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। जहां लौह अयस्क उत्पादन में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई, वहीं इसी अवधि के दौरान लौह अयस्क विक्रय 190 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 2.671 मिलियन टन हो गया।
इस अवधि के दौरान, भारतीय रेलवे को लांग रेल्स और व्हील्स एंड एक्सेल की आपूर्ति में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में क्रमशः सात प्रतिशत और तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी ने लगभग 0.145 एमटी इंवेंट्री में कमी की और इस अवधि के दौरान लगभग 1,080 करोड़ की उधारी कम की।
सेल द्वारा सितंबर 2026 में, मार्केटिंग की दिशा में संगठित फोकस और दक्षता में सुधार के चलते ठोस परिणाम मिले, जिससे कंपनी ने 1.69 मिलियन टन की अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ सितंबर विक्रेय इस्पात बिक्री हासिल की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है। कंपनी के कुल विक्रेय इस्पात उत्पादन में फिनिश्ड स्टील उत्पादन का प्रतिशत बढ़कर 92%हो गया, जो सितंबर 2025 में 89 प्रतिशत था।
ईंधन दर में सुधार होकर यह 551 किलोग्राम प्रति टन हाट मेटल हो गई, जो एक प्रतिशत सुधार के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ सितंबर प्रदर्शन है। कंपनी ने संचयी अप्रैल-सितंबर प्रदर्शन की तरह ही, लौह अयस्क उत्पादन और बिक्री दोनों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ सितंबर प्रदर्शन दर्ज किया।
सितंबर 2025 की तुलना में लौह अयस्क उत्पादन में आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि लौह अयस्क बिक्री 134 प्रतिशत की भारी वृद्धि के साथ 0.492 मिलियन टन के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई।
कंपनी ने इस महीने के दौरान लगभग 0.192 मिलियन टन इंवेंट्री में कमी और उधारी में लगभग 208 करोड़ की कमी की। सेल के सितंबर और वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के परिणाम दक्षता, नवाचार और वित्तीय दूरदर्शिता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं, जिससे कंपनी चालू वित्त वर्ष के आगामी हिस्से के लिए मजबूत स्थिति में है।
सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डा एके पंडा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही और सितंबर में ये रिकार्ड उपलब्धियां, दक्षता, नवाचार और टिकाऊ विकास के प्रति हमारे कार्यबल की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें- सेल और कोल इंडिया में लोहा-कोयला चोरी पर सीबीआई का शिकंजा, कई अधिकारी रडार पर
यह भी पढ़ें- उरांव समाज में दो दिनों तक श्रद्धा से मनाया जाता है जिउतिया पर्व, सूर्य और पीपल की पूजा का विशेष महत्व
