विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सेल फुटबॉल एकेडमी व धनबाद रहे बराबरी पर

By JagranEdited By:
Published: Sat, 15 Feb 2020 09:34 PM (IST)

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन की ओर से मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम सेक्टर चार में हीरो यूथ लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सेल फुटबॉल एकेडमी व धनबाद रहे बराबरी पर
सेल फुटबॉल एकेडमी व धनबाद रहे बराबरी पर

जागरण संवाददाता, बोकारो: ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन की ओर से मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम सेक्टर चार में हीरो यूथ लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सम्मानित अतिथि बोकारो जेनरल अस्पताल के निदेशक डॉ एके सिंह, महाप्रबंधक बीजे प्रकाश व डीजीएम एके अविनाश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। निदेशक ने कहा कि खेलकूद तन व मन को स्वस्थ बनाने में सहायक है। इस क्षेत्र में करियर की भी असीम संभावनाएं हैं। इसलिए बच्चों व युवाओं को खेलकूद में भाग लेना चाहिए।

मैच के प्रारंभिक दौर से ही सेल फुटबॉल एकेडमी बोकारो एवं धनबाद फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों ने बढ़त बनाने का प्रयास तेज कर दिया। 23वें मिनट में सेल फुटबॉल एकेडमी बोकारो के तेज तर्रार स्ट्राइकर थोकचाम अबॉय मैतेयी ने अपनी टीम के लिए पहला गोल किया। 38वें मिनट में फिर थोकचाम ने दूसरा गोल कर टीम के खिलाड़ियों में उत्साह का संचार कर दिया। दूसरे हाफ में धनबाद फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों ने भी पूरा जोर लगा दिया। स्ट्राइकर लाइरेंजम सुशील सिंह ने अपनी टीम के लिए एक गोल किया। इसके बाद स्थानापन्न खिलाड़ी एल मोंगम डांगसा ने मैच में 68 वें मिनट में अपनी टीम के लिए दूसरा गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।

मैच का संचालन रेफरी अमृत डांग, बबलू लोहार, मुनी राम मांझी व निर्मल मांझी ने किया। मौके पर सुभाष रजक, मदन राम, सलीम आदि उपस्थित थे।