विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL: बीएसएल के हजारों ठेका श्रमिकों को मिलेगा 10 लाख का दुर्घटना बीमा, एक साल तक रहेगी सुरक्षा

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:22 PM (IST)

SAIL: बोकारो स्टील प्लांट ने ठेका श्रमिकों के लिए 10 लाख रुपये की समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना शुरू की है, जो कार्यस्थल के बाहर भी कवरेज प्रदान करेगी।

SAIL: बोकारो स्लीट प्लांट। (फाइल फोटो)

SAIL: बोकारो स्लीट प्लांट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ठेका श्रमिकों को 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा।

  2. बीमा कवरेज कार्यस्थल के बाहर भी रहेगा प्रभावी।

  3. प्रीमियम में श्रमिक और ठेकेदार दोनों का योगदान।

जागरण संवाददाता, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में कार्यरत हजारों ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रबंधन ने महत्वपूर्ण पहल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना (जीपीएआईएस) के नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसके तहत प्रत्येक पात्र ठेका श्रमिक को 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवरेज मिलेगा। नई बीमा पॉलिसी 18 नवंबर 2026 से 17 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगी। खास बात यह है कि बीमा सुरक्षा केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं होगी।

पॉलिसी की अवधि में कार्यस्थल के बाहर किसी दुर्घटना में श्रमिक की मृत्यु होने पर भी उनके नामित आश्रित को 10 लाख रुपये की बीमा राशि दी जाएगी। इससे दुर्घटना के कारण परिवार पर आने वाले संभावित आर्थिक संकट से निपटने में मदद मिलेगी।

श्रमिक और ठेकेदार मिलकर देंगे प्रीमियम

यह बीमा सुविधा बोकारो वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। यह बीएसएल के ठेकेदारों का पंजीकृत ट्रस्ट है। योजना के तहत आई.पी. नंबर से निर्गत सक्रिय गेट पास वाले प्रत्येक ठेका श्रमिक को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाना अनिवार्य किया गया है।

प्रति श्रमिक वार्षिक प्रीमियम 991.20 रुपये निर्धारित है। इसमें 584.10 रुपये श्रमिक को देने होंगे, जबकि शेष 407.10 रुपये संबंधित ठेकेदार वहन करेंगे। इस तरह बीमा प्रीमियम का लगभग 59 प्रतिशत हिस्सा श्रमिक और 41 प्रतिशत हिस्सा ठेकेदार देंगे।

परिवार को मिलेगा आर्थिक संबल

इस योजना से ठेका श्रमिकों को संयंत्र परिसर के भीतर ही नहीं, बल्कि बाहर भी दुर्घटना से होने वाली मृत्यु के जोखिम के विरुद्ध बीमा सुरक्षा मिलेगी।

खासकर असंगठित एवं ठेका आधारित रोजगार में काम करने वाले श्रमिकों के परिवारों के लिए यह आर्थिक सुरक्षा महत्वपूर्ण है।

दुर्घटना के बाद परिवार को अचानक आय के स्रोत के समाप्त होने से उत्पन्न कठिनाइयों से उबरने में बीमा राशि मददगार होगी।

बीएसएल प्रबंधन ने इसे श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और ठेका श्रमिकों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

यह भी पढ़ें- SAIL: सख्त पाबंदी के बावजूद ड्यूटी पर मोबाइल चला रहे CISF जवान, BSL की सुरक्षा पर उठे सवाल

यह भी पढ़ें- NEET UG परीक्षा की सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य, CISF के 104 अधिकारी-जवानों को मिलेगा DG अवार्ड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।