प्रेमिका ने शादी से इंकार किया तो प्रेमी ने जान दे दी
प्रेमिका ने भाग कर शादी करने से इंकार किया तो प्रेमी ने जान दे दी। घटना झारखंड के बोकारो की है।
संवाद सहयोगी, कसमार (बोकारो)। कसमार थाना क्षेत्र के दुर्गापुर पंचायत के के हरलाडीह निवासी ठाकुरदास महतो की 21 वर्षीय पुत्र गुप्तेश्वर महतो की मौत बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार की देर रात हो गई।
युवक ने शनिवार को दोपहर सल्फास की गोली खा ली थी। परिजनों को जब जहर खाने की जानकारी मिली, तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में परिजनों से उसे बीजीएच में भर्ती कराया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। युवक अपने घरवालों से जल्दी अपनी शादी करने की जिद कर रहा था, जबकि घरवाले टाल-मटोल कर रहे थे।
जानिए, क्या है मामला:
मृतक गुप्तेश्वर महतो कसमार थाना क्षेत्र के दूसरे गांव की स्वजातीय लड़की से प्रेम करता था। दोनों के प्रेम के बारे में परिजनों को जानकारी मिल चुकी थी। इसके बाद दोनों के परिजन विवाह के लिए तैयार भी हो गए थे। पर गुप्तेश्वर के परिवार वालों का कहना था कि होली के बाद विवाह होगा, ताकि दोनों परिवार विवाह की तैयारी कर सकें। लेकिन गुप्तेश्वर इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं था। शुक्रवार की शाम वह अपनी प्रेमिका के घर गया। रात में वहीं ठहरा।
दोपहर लगभग 12 बजे उसने प्रेमिका से कहा कि यदि परिवार के सदस्य जल्द शादी के लिए तैयार नहीं होते हैं तो भाग चलें, लेकिन प्रेमिका ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। इस पर गुप्तेश्वर ने सल्फास की गोली खा ली। थोड़ी ही देर में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो लड़की के पिता ने उसे अपनी साइकिल से उठाकर उसे उसके घर पहुंचाकर पूरी घटना की जानकारी दे दी। तब तक उसकी हालत और बिगड़ चुकी थी। स्थानीय चिकित्सकों के परामर्श पर तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।