विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे फाटक पार कर रही स्कॉर्पियो को मालगाड़ी ने मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा; ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Published: Sun, 19 Apr 2026 07:20 PM (IST)

बोकारो थर्मल में एक मालगाड़ी ने रेलवे फाटक पार कर रही स्कार्पियो को टक्कर मार दी, जिससे वाहन करीब 500 ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, बोकारो। बोकारो थर्मल में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यहां बोकारो थर्मल रेलवे फाटक पार कर रही एक स्कार्पियो वाहन को मालगाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और उसे लगभग 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।

इस दौरान रेलवे वैगन का एक पहिया भी पटरी से उतर गया। टक्कर के कारण स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि स्कार्पियो के मालिक सह चालक प्रेमनाथ प्रसाद इस घटना में बाल-बाल बच गए। उन्होंने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के समय रेलवे फाटक खुला हुआ था।

बताया जाता है कि उक्त मालगाड़ी कोयला लेकर डीवीसी के बोकारो थर्मल प्लांट के अंदर गई थी। कोयला अनलोड करने के बाद रेलवे वैगन को प्लांट के अंदर ही बैक किया जा रहा था।

इसी दौरान वैगन ने प्लांट का फाटक क्षतिग्रस्त कर दिया और बाहर निकलते हुए सड़क पार कर रही स्कार्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद रेलवे और डीवीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।

बोकारो थर्मल प्लांट के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि यह रेलवे का मामला है। रेलवे वैगन का चालक बिना गेटमैन को सूचना दिए प्लांट के बाहर कैसे निकल गया, इसकी जानकारी रेलवे ही दे सकता है। वहीं, बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन प्रबंधक शैलेश कुमार ने बताया कि वैगन चालक द्वारा गेट कर्मचारियों को सूचना दी गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

इधर, क्षतिग्रस्त स्कार्पियो के मालिक अमरनाथ प्रसाद ने बताया कि वह कथारा एक नंबर कॉलोनी के निवासी हैं और रविवार सुबह बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन अपने मेहमान को लेने जा रहे थे। फाटक खुला हुआ था, तभी अचानक रेलवे वैगन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। उन्होंने रेलवे और डीवीसी प्रबंधन से मुआवजे की मांग की है।

यह भी पढ़ें- गढ़वा के नए एसपी आशुतोष शेखर ने संभाली कमान, अपराध पर नकेल कसने का संकल्प

यह भी पढ़ें- एक बार निवेश, कई सालों तक कमाई: आम की बागवानी ने बदली सुशील मुण्डा की किस्मत, कमा रहे लाखों रुपये