Cyber Crime पर बोकारो पुलिस सख्त, अब जिले के किसी भी थाने में दर्ज होगी प्राथमिकी
बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए नई व्यवस्था की है, अब जिले के किसी भी थाने में साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकेगी।

बोकारो में साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा पर आयोजित जागरूकता कार्यशाला को संबोधित करते पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा। (फोटो जागरण)
HighLights
साइबर ठगी की प्राथमिकी अब किसी भी थाने में दर्ज।
तकनीकी अनुसंधान के लिए बोकारो में नया साइबर थाना।
जागरूकता, सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का उपाय।
जागरण संवाददाता, बोकारो। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल पर अंकुश लगाने के लिए बोकारो पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने से लेकर अनुसंधान तक की व्यवस्था मजबूत की है। अब साइबर अपराध से संबंधित प्राथमिकी जिले के किसी भी थाने में दर्ज कराई जा सकेगी।
मामलों के तकनीकी अनुसंधान और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए साइबर थाना बनाया गया है। हालांकि यहां भी प्राथमिकी होगी।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने शनिवार को साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा पर आयोजित जागरूकता कार्यशाला में यह जानकारी दी।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतिम दिन सूचना भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता, सतर्कता और अनुशासन है।
पुलिस की कार्रवाई के साथ आम लोगों को भी अपराधियों के तौर-तरीकों को समझना होगा। जिला पुलिस की साइबर टीम ने कई मामलों में बेहतर काम किया है और ठगी के शिकार लोगों की राशि वापस दिलाने के लिए कार्रवाई की है।
एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस और जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को डराते और रुपये मांगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है।
अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। बिना सत्यापन किसी लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें।
शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर थाना जाना जरूरी नहीं है; हर थाने में प्राथमिकी दर्ज होगी। साइबर थाना बेहतर अनुसंधान के लिए बनाया गया है, वहां भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। समय पर सूचना मिलने से ठगी की राशि फ्रीज कराने में मदद मिल सकती है।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि घर बैठे कमाई, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और आकर्षक आफर के बहाने साइबर अपराधी लोगों को ठगते हैं।
आनलाइन गेमिंग के दौरान भेजे जाने वाले अनजान लिंक और एपीके फाइल से मोबाइल का डेटा चोरी हो सकता है। अभिभावक बच्चों को मोबाइल देते समय सतर्क रहें और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें।
पुलिस निरीक्षक आजाद खान ने कहा कि अपराधी बड़े अधिकारियों और प्रतिष्ठित संस्थानों का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करते हैं। किसी की पहचान और दावे का सत्यापन किए बिना विश्वास न करें। वाट्सएप पर मिले अनजान पीडीएफ, फाइल या लिंक को जांचे बिना डाउनलोड अथवा क्लिक न करें।
कार्यशाला में वीडियो क्लिप के जरिए साइबर अपराध के तरीकों, ऑनलाइन गेमिंग में धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, डिजिटल अरेस्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई।
इसमें सहिया, नर्सिंग स्टाफ, सेविका-सहायिका और आंगनबाड़ी कर्मियों ने भाग लिया। एसपी ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक हों और अपने परिवार, परिचितों तथा समाज के कम से कम दस अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।