जम्मू-कश्मीर के जिला ऊधमपुर में सड़क हादसा, खाई में पलटी अनियंत्रित मेटाडोर, 10 यात्री घायल
जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में डबरेह मोड़ के पास एक मेटाडोर पलटने से 10 यात्री घायल हो गए जिनमें दो छात्र शामिल हैं। तेज रफ्तार मेटाडोर चालक के नियंत्रण खोने से हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर के जिला ऊधमपुर में जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर डबरेह मोड़ इलाके में चालक के नियंत्रण खोने पर तेज रफ्तार में यात्रियों से भरी मेटाडोर सड़क से नीचे खाई की तरफ पलट गई और 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो स्कूल के छात्र थे।
मौके पर मौजूद लोगों ने जब मेटाडोर को पलटते देखा तो सभी मदद को पहुंच गए। लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया और सभी यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को उपचार के लिए जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया गया। पुलिस ने भी दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार सुबह करीब आठ बजे क्रिमची से ऊधमपुर शहर की तरफ आ रही मेटाडोर नंबर जेके02एन-0447 जब डबरेह मोड इलाक में पहुंची तो अचानक से मेटाडोर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर खाई की तरफ पलट गई।
खाई की तरफ बहुत सारे पेड़ व झाड़ियां लगी थी और एक पेड़ के सहारे मेटाडोर रुक गई। दुर्घटना होते ही डबरेह मोड़ इलाके में यात्रियों की चीख पुकार के साथ गूंजने लगा। आसपास रहने वाले और मौके से गुजर रहे लोग मदद को पहुंच गए।
लोगों ने एक एक कर यात्रियों को मेटाडोर से बाहर निकाला और वाहनों की व्यवस्था करके घायल यात्रियों को उपचार के लिए जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई।
यात्रियों ने पुलिस को बताया कि जब दुर्घटना हुई तो सामने से एक वाहन आ रहा था और वाहन के सामने से आते ही चालक नियंत्रण खो बैठा। दोनों ही वाहन बहुत तेज गति में चल रहे थे। दुर्घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में मेटाडोर चालकों के प्रति काफी रोष देखने को मिला।
रफीक व अन्य लोगों का कहना था कि अक्सर इस रूट पर मेटाडोर चालक बहुत ही तेज गति में वाहन चलाते है। ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को बिठाने के प्रयास में अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही है। हमारी पुलिस से अपील है कि ऐसे चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
घायलों की सूची
1. राजुल वर्मा पुत्र राज पाल वर्मा उम्र 16 वर्ष निवासी मानसर
2. अजय कुमार पुत्र ओम प्रकाश उम्र 42 वर्ष निवासी मानसर
3. मोहन सिंह पुत्र दलजीत सिंह उम्र 48 वर्ष निवासी मानसर
4. राकेश कुमार पुत्र सोम राज उम्र 32 वर्ष
5. करनालू राम पुत्र परस राम निवासी हिम्बरा उम्र 50 वर्ष
6. रोहिका यादव पत्नी प्यार चंद निवासी बटोत उम्र 30 वर्ष
7. शाइलिन यादव पुत्री प्यार चंद उम्र 5 वर्ष निवासी बटोत
8. खातम बीबी पत्नी मोहम्मद नरहिद उम्र 40 वर्ष निवासी डबरेह मोड़।
9. लियाकत अली पुत्र शाह मोहम्मद निवासी मानसर उम्र 32 वर्ष
10. कृष्ण कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी क्रिमची उम्र 16 वर्ष
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।