माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बचाव अभियान अभी भी जारी, अब तक 8 लोगों की मौत व 14 घायल, आंकड़े बढ़ने की आशंका
माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्द्धकुंवारी मार्ग के पास भूस्खलन होने से छह लोग घायल हो गए। भारी बारिश और बिगड़ते मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने दोपहर एक बजे से यात्रा स्थगित कर दी थी तब तक सात हजार से अधिक श्रद्धालु भवन के लिए निकल गए थे।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आज पेश आए दर्दनाक हादसे में अब तक दो महिला श्रद्धालुओं समेत आठ लोगों की मौत हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अभी भी मलवे में कई श्रद्धालुओं के दबे होने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हादसा पारंपारिक अर्द्धकुंवारी यात्रा मार्ग पर स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास पेश आया।
भारी बारिश के बीच पूरा पहाड़ बड़े-बड़े पत्थरों समेत भरभरा कर श्रद्धालुओं पर आ गया, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका है। जब तक मिली जानकारी के अनुसार अभी तक आठ शव कटड़ा शवगृह और ककड़ेयाल स्थित नारायणा अस्पताल में पहुंचे हैं जबकि 14 में से 10 घायलों की पहचान हो गई है।
मरने वालों में दो महिला श्रद्धालु जबकि 6 पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं। घायलों को पहले कटड़ा अस्पताल लाया जा रहा है। वहां से प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद ही ककड़ेयाल स्थित नारायणा अस्पताल स्थानांतिरत किया जा रहा है।
वहीं अर्द्धकुंवारी यात्रा मार्ग पर बचाव अभियान अभी भी जारी है। एसडीआरएफ, श्राईन बोर्ड आपदा प्रबंधन के जवान, जम्मू-कश्मीर पुलिस व सीआरपीएफ जवान सहित अन्य बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मलवा अधिक भारी होने की वजह से बचाव कार्य में देरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ सहित मौके पर मौजूद है ताकि घायलों को तुरंत उपचार प्रदान किया जा सके।
अभी तक 14 घायलों में 10 की पहचान हो पाई है। इनमें संगीता उम्र 47 पत्नी पिंटु और उनकी बेटी उमंग उम्र 24 दोनों निवासी मुजफ्फपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इसके अलावा घायलों में एक अन्य श्रद्धालु अमित कुमार की 5 वर्षीय उर्वी व पत्नी डॉली उम्र 30 भी शामिल हैं जो मुजफ्फरपुर उत्तर प्रदेश की ही रहने वाली बताई जा रही हैं।
इसके अलावा कमलेश पत्नी राम निवासी हरियाणा, मयंक गोयल पुत्र सुनील गोयल निवासी उत्तर प्रदेश, सावित्री पत्नी रत्तन लाल निवासी हरियाणा, किरण पत्नी सुभाष चंद्र निवासी मोहाली चंडीगढ़, देवी लाल पुत्र भगत राम निवासी मध्य प्रदेश, वैष्णवी पुत्री दीपक निवासी मुजफ्फर नगर उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इन सभी घायलों को बेहतर ईलाज के लिए ककड़ेयाल नारायणा भर्ती कराया गया है।
कटरा क्षेत्र में लगातार भारी बारिश और बिगड़ते मौसम के कारण यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पहले तो यात्रा बारिश के बीच भी जारी रखी गई थी परंतु श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कई जगह हुए भूस्खलन को देखते हुए दोपहर एक बजे यात्रा को स्थगित कर दिया था।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यात्रा स्थगित करने का फैसला लेने तक कटड़ा से भवन के लिए सात हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर थे। यह हादसा दोपहर तीन बजे के करीब पेश आया। अर्द्धकुंवारी मार्ग पर स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास यह भूस्खलन हुआ। पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थरों समेत भारी मलवा शेड को चीरते हुए भरभराकर गिर पड़ा इस दौरान वहां से गुजर रहे कई श्रद्धालु भूस्खलन की चपेट में आ गए और मलवे में दब गए।
मौके पर पहले से ही मौजूद श्राईन बोर्ड आपदा प्रबंधन की टीम के सदस्य, पुलिस व लोग बचाव कार्य में जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद घायल श्रद्धालुओं को गंभीर घायल अवस्था में एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाए गया। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार दो महिलाओं समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। सूत्रों ने बताया कि इस संख्या में वृद्धि हो सकती है।
कटड़ा निसासी प्रवीण सढौत्रा ने बताया कि पिछले चौबीस घंटों से जारी बारिश के बीच भी सुबह यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। हालांकि बैटरी कार मार्ग पर पहाड़ों से पत्थर गिरने की वजह से उसे बंद कर दिया गया था। पारंपरिक मार्ग से श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो रहे थे। जब भैरव घाटी मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ तो श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड ने दोपहर एक बजे के करीब यात्रा को स्थगित कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।