विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हमारी लाशों का अनादर हुआ...', आतंकी गोलीबारी में बलिदान जवानों के शव डंपर में भेजे; फूट-फूटकर रोईं विधायक शगुन परिहार

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:27 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 01:50 PM (IST)

किश्तवाड़ में आतंकी हमले में बलिदान हुए दो एसपीओ के पार्थिव शरीर डंपर में भेजने और अधिकारियों के देरी से पहुंचने पर परिजनों व ग्रामीणों में भारी गुस्सा है

HighLights

  1. बलिदान एसपीओ के पार्थिव शरीर डंपर में भेजने पर आक्रोश

  2. अधिकारियों के देरी से पहुंचने पर परिजनों का गुस्सा भड़का

  3. विधायक शगुन परिहार ने सुरक्षा खामियों की जांच मांगी

जागरण टीम, ऊधमपुर/किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में आतंकी हमले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के बलिदान होने के तीन दिन बाद भी किसी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी या सरकार के किसी मंत्री के न पहुंचने पर परिवार का गुस्सा भड़क गया।

उन्होंने बलिदानी एसपीओ के पार्थिव शरीर निरादर कर एक डंपर वाहन में घर भेजने पर भी कड़ा आक्रेाश जताया। इस बीच, सांत्वना देने बलिदानी एसपीओ के घर पहुंचीं किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की।

इसके बाद आइजीपी जम्मू व अन्य अधिकारी बलिदानियों के घर पहुंचे। अधिकारियों को बलिदानियों के घर देख भाजपा विधायक शगुन परिहार अपने दर्द और गुस्से पर काबू नहीं रख पाईं।

ऐसा तो 90 के दशक में भी नहीं हुआ: ग्रामीण

उन्होंने अधिकारियों से कहा, "जब तक हमने एलजी साहब को नहीं बताया, तब तक आप यहां नहीं आए। जब तक हमने दिल्ली (गृह मंत्रालय) का दरवाजा नहीं खटखटाया, तब तक आप नहीं आए। आपने हमारे बलिदान जवानों के पार्थिव शरीर डंपर में भेजे। ऐसा तो 90 के दशक में भी नहीं हुआ।

यहां हमारे बलिदान जवानों का निरादर हुआ है।" शगुन परिहार ने कहा कि ऐसा लगता है दोनों एसपीओ की मूवमेंट की जानकारी आतंकियों तक पहले ही पहुंच गई थी।

इसकी जांच होनी चाहिए और ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। बता दें कि विधायक शगुन परिहार के पिता व चाचा की भी आतंकियों ने 2018 में हत्या कर दी थी।

बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के बाद किया अंतिम संस्कार

बाद में बलिदानी एसपीओ को गांव कियार में भारत माता के जयषोष के बीच श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस के अधिकारियों ने सलामी दी और जिला उपायुक्त पंकज शर्मा व नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा सहित अन्य ने पुष्पचक्र अर्पित किए।

इसके बाद बलिदानियों का अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि एसपीओ बाबी चंद और रशपाल की बुधवार को आतंकियों ने हत्या कर दी थी।

सुरक्षा खामियों पर उठे सवाल

किश्तवाड़ के कियार गांव के निवासी पवन कुमार ने बताया कि बलिदान हुए एसपीओ में एक उनके दादा और दूसरे चाचा हैं। पवन के साथ नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी सुरक्षा खामियों पर सवाल उठाए।

पवन ने कहा कि दच्छन के कियार से दोनों एसपीओ को दूसरी सब डिवीजन मड़वा के धरना इलाके में ड्यूटी के लिए क्यों भेजा गया, जबकि वहां पहले से पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती थी। दोनों एसपीओ को दुर्गम पहाड़ी रास्ते और घने जंगल से होकर जानाना पड़ा। उन्होंने साजिश की आशंका जताते हुए सीबीआइ जांच की मांग की।

वहीं, सुनील शर्मा ने कहा कि इतने दुर्गम क्षेत्र में दोनों एसपीओ को आधुनिक हथियारों के बिना क्यों भेजा गया। इस बीच, हमलावर आतंकियों की तलाश में शनिवार को भी जंगलों में तलाशी अभियान जारी रहा।

यह भी पढ़ें- कुलगाम हमले का हिसाब होगा चुकता, कश्मीर में आतंकियों के मददगारों पर प्रहार की तैयारी; CRPF डीजी ने दिए बड़े निर्देश

यह भी पढ़ें- J&K: कभी पूरे गांव की प्यास बुझाते थे ये कुएं, अब बदहाली की कगार पर पहुंची धरोहर; नल का पानी आते ही भूले लोग

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।