विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K: कभी पूरे गांव की प्यास बुझाते थे ये कुएं, अब बदहाली की कगार पर पहुंची धरोहर; नल का पानी आते ही भूले लोग

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:00 AM (IST)

गांवों के पुराने कुएं, जो कभी ग्रामीण जीवन का आधार थे, अब उपेक्षा के कारण जर्जर हो रहे हैं। स्थानीय ...और पढ़ें

हीरानगर में देखरेख के अभाव में जर्जर हो रहे कुएं।

हीरानगर में देखरेख के अभाव में जर्जर हो रहे कुएं।

HighLights

  1. पुराने कुएं देखरेख के अभाव में जर्जर हो रहे हैं।

  2. ग्रामीण प्रशासन से इनकी मरम्मत और संरक्षण की मांग कर रहे हैं।

  3. कुओं का संरक्षण जल और ग्रामीण विरासत के लिए महत्वपूर्ण है।

जागरण संवाददाता, हीरानगर। गांवों की पहचान और कभी ग्रामीण जीवन का प्रमुख आधार रहे पुराने कुएं अब धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खोते जा रहे हैं। समय के साथ पेयजल के आधुनिक साधन तो विकसित हो गए, लेकिन गांवों में मौजूद इन पारंपरिक जलस्रोतों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। देखरेख और मरम्मत के अभाव में कहीं कुओं की दीवारें क्षतिग्रस्त हो रही हैं तो कहीं झाड़ियां उग आई हैं। कुछ कुओं पर मोटरें लगाकर पानी का इस्तेमाल तो किया जा रहा है, लेकिन उनकी नियमित सफाई और मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। कभी पूरे गांव की प्यास बुझाने वाले ये कुएं आज बदहाली का शिकार हैं।

हीरानगर उपमंडल के विभिन्न गांवों में ऐसे कई पुराने कुएं मौजूद हैं, जो आज भी बीते समय की याद दिलाते हैं। इनका निर्माण उस दौर में हुआ था, जब ग्रामीणों को पानी की जरूरतों के लिए प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था।

ये कुएं केवल पानी का साधन ही नहीं, बल्कि ग्रामीण सामाजिक जीवन का भी अहम हिस्सा हुआ करते थे। सुबह-शाम यहां पानी भरने के लिए लोगों की आवाजाही रहती थी और इसी बहाने ग्रामीणों के बीच आपसी मेलजोल भी बढ़ता था।

नल का पानी आने के बाद भूले पुराने कुएं

बदलते समय के साथ घरों तक नल से पानी पहुंचने लगा और कुओं का इस्तेमाल कम होता चला गया। इसके बावजूद इनके संरक्षण और रखरखाव की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप कई कुएं जर्जर हालत में पहुंच गए हैं।

कुछ पर लोगों ने मोटरें लगाकर पानी निकालना शुरू कर दिया है, लेकिन गहराई अधिक होने और सफाई के उचित साधन नहीं होने से इनमें वर्षों से जमा गाद और गंदगी बाहर नहीं निकाली जा पा रही है। यदि समय रहते इनकी सुध नहीं ली गई तो आने वाले समय में इन पुराने जलस्रोतों का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो सकता है।

जल संरक्षण के साथ विरासत बचाने की जरूरत

क्षेत्र निवासी बलकार चंद, दर्शन लाल, मनोहर लाल, बनारसी दास और सुंदर लाल का कहना है कि पुराने कुएं पिछली पीढ़ियों की मेहनत और ग्रामीण जीवन की पहचान हैं। कुएं काफी गहरे होने के कारण लोग अब स्वयं इनकी सफाई नहीं करवा पाते। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर कुओं की मरम्मत करवाकर मोटरें लगाई हैं और पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इनमें वर्षों से जमा गाद और गंदगी निकालना संभव नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि गांवों में भले ही ट्यूबवेलों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन उपमंडल के कई गांव ऐसे भी हैं, जहां वर्षों से ट्यूबवेलों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति नहीं हो पाई है। ऐसे में पुराने कुओं का संरक्षण और मरम्मत करवाना भविष्य में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

इनकी सफाई और मरम्मत से जहां जलस्रोतों को बचाया जा सकेगा, वहीं बुजुर्गों की धरोहर भी अगली पीढ़ी तक पहुंच सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि उपमंडल के गांवों में मौजूद पुराने कुओं का सर्वे करवाकर उनकी स्थिति का आकलन किया जाए। क्षतिग्रस्त कुओं की मरम्मत के साथ उनकी सफाई, सुरक्षा और नियमित देखरेख की व्यवस्था भी बनाई जाए।

'ग्राम सभा की बैठकों में उठाएं कुओं की मरम्मत का मुद्दा'

मढ़ीन बीडीओ जावेद इकबाल ने बताया कि कुछ पुराने कुओं की मरम्मत करवाई गई है। ग्रामीण ग्राम सभाओं की बैठकों में कुओं की मरम्मत करवाने संबंधी मांग और प्रस्ताव रख सकते हैं। इसके आधार पर योजना तैयार करते समय ऐसे कार्यों को शामिल किया जा सकता है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।