विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम हमले का हिसाब होगा चुकता, कश्मीर में आतंकियों के मददगारों पर प्रहार की तैयारी; CRPF डीजी ने दिए बड़े निर्देश

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:01 PM (GMT+05:30)

कुलगाम में सीआरपीएफ पर आतंकी हमले के बाद, डीजी जीपी सिंह ने श्रीनगर में उच्च स्तरीय बैठक की। सुरक्षा एजेंसियों ...और पढ़ें

कुलगाम हमले के बाद सीआरपीएफ की बड़ी रणनीति घाटी में तेज होंगे आतंक विरोधी अभियान।

कुलगाम हमले के बाद सीआरपीएफ की बड़ी रणनीति घाटी में तेज होंगे आतंक विरोधी अभियान।

HighLights

  1. कुलगाम हमले के बाद सीआरपीएफ ने अभियान तेज करने की रणनीति बनाई

  2. डीजी जीपी सिंह ने श्रीनगर में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक कीृ

  3. आतंकियों और उनके मददगार नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए

राज्य ब्यूरो, कुलगाम। कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

इसी सिलसिले में सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने शनिवार को श्रीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर आतंकियों और उनके मददगार नेटवर्क के खिलाफ अभियान तेज करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने और खुफिया तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में 11 नवंबर को हुए हमले ने एक बार फिर सुरक्षा बलों के सामने आतंकियों और उनके स्थानीय सहयोगियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की चुनौती खड़ी कर दी है।

अखरन इलाके में मीर बाजार के पास आतंकियों ने सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद से ही सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में अभियान छेड़ रखा है। जांच एजेंसियां हमले में स्थानीय मददगारों की संभावित भूमिका समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं।

सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने और समन्वय बढ़ाने पर जोर

कुलगाम हमले की पृष्ठभूमि में श्रीनगर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में आयोजित बैठक में जीपी सिंह ने घाटी की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आतंकियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान और तेज किए जाएं। साथ ही उनके सहयोगियों, मददगारों और रसद पहुंचाने वाले नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में स्पेशल डीजी (ऑपरेशंस) वितुल कुमार, स्पेशल डीजी जम्मू-कश्मीर जोन संदीप खिरवार, आईजी (ऑपरेशंस) कश्मीर सेक्टर विनीत बृजलाल, आईजी श्रीनगर सेक्टर पवन कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और घाटी में तैनात सीआरपीएफ इकाइयों के कमांडर मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सुरक्षा बलों के बीच रियल टाइम सूचना साझा करने, खुफिया सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और जमीनी स्तर पर समन्वय को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। डीजी ने अधिकारियों से कहा कि घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता और परिचालन तत्परता बनाए रखी जाए, ताकि आतंकियों के साथ उनके पूरे सहयोगी तंत्र को निशाना बनाया जा सके।

बडगाम ऑपरेशन में शामिल जवानों को किया सम्मानित

समीक्षा बैठक के दौरान सीआरपीएफ महानिदेशक ने सितंबर 2026 में मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में चलाए गए ऑपरेशन अशधर और ऑपरेशन कोराग में हिस्सा लेने वाले जवानों को सम्मानित भी किया। इन दोनों अभियानों में लश्कर-ए-तैयबा के विदेशी मूल के दो आतंकियों को मार गिराया गया था।

जीपी सिंह ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में जवानों द्वारा प्रदर्शित साहस, पेशेवर दक्षता और सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर संचालित अभियान आतंकवाद विरोधी कार्रवाई को मजबूती देने के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ करते हैं।

उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अभियान की गति बनाए रखने तथा शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।