Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    श्रीनगर से सीधे जम्मू तक चलने लगेगी वंदे भारत ट्रेन, दोनों राजधानी रेल संपर्क से जुड़ेंगी; अगले महीने होगा काम पूरा

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 05:30 AM (IST)

    श्रीनगर से कटड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन अब अक्टूबर के अंत तक जम्मू तक चलाने की तैयारी है जिससे दोनों राजधानियाँ सीधे रेल से जुड़ जाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 6 जून को दो वंदेभारत ट्रेनों का लोकार्पण किया था। जम्मू स्टेशन के विस्तार के कारण इसे कटड़ा से चलाया गया। रेलवे अधिकारी दिल्ली से कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की योजना बना रहे हैं।

    Hero Image
    अक्टूबर के अंत तक श्रीनगर से जम्मू तक चलने लगेगी वंदे भारत ट्रेन।

    जागरण टीम, श्रीनगर। श्रीनगर से कटड़ा तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को अक्टूबर माह के अंत तक जम्मू तक चलाने की तैयारी है। सब सही रहा तो प्रदेश की दोनों राजधानी सीधी रेल संपर्क से जुड़ जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह जून को कश्मीर के लिए दो वंदेभारत ट्रेन का लोकार्पण किया था। उस समय जम्मू स्टेशन के सुंदरीकरण और विस्तार कार्यक्रम के चलते इसे कटड़ा से ही चलाया गया। तब से यह पर्यटकों और कश्मीरियों के लिए प्रथम विकल्प बनकर उभरी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगले माह की शुरुआत में राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों से भी कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन चलाई जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार जम्मू रेलवे स्टेशन पर लंबित कार्य पूरा होने के बाद जम्मू सीधा ग्रीष्मकालीन राजधानी से जुड़ जाएगा। जम्मू स्टेशन पर लंबित कार्य पूरा होने और मंजूरी मिलने के बाद, सीधी सेवा शुरू कर दी जाएगी। कटड़ा और श्रीनगर के बीच फिलहाल आठ बोगियों की दो वंदेभारत ट्रेन चलती हैं।

    यात्रियों का अतिरिक्त दबाव होने के कारण रेलवे ने इनमें अतिरिक्त बोगियां लगाने का प्रस्ताव दिया है। जम्मू रेलवे मंडल के डीआरएम विवेक कुमार ने बताया कि जम्मू स्टेशन के विस्तार और सुंदरीकरण का ज्यादातर कार्य पूरा कर लिया गया है। बाढ़ और भूस्खलन की चुनौतियों के बाद हमारे पास श्रमशक्ति की कमी रही। इस कारण कुछ कार्य प्रभावित हुए। जल्द यह कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।

    वहीं, दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च पुल, एशिया के सबसे बड़े केबल स्टे पुल-अंजी खड्ड और इनके आस पास खूबसूरत वादियों का दीदार पर्यटक अब और करीब से कर सकेंगे। रेलवे ने इस सीजन में पर्यटकों की सुविधा के लिए बड़गाम से कटड़ा तक विस्टाडोम कोच को चलाने का निर्णय लिया है। विस्टाडोम विशेष तौर पर डिजाइन किए गए कोच हैं और इसमें पारदर्शी छत और साइड वाल से वादियों का दीदार और अधिक बेहतर ढंग से हो सकता है।

    फिलहाल, यह सेवा 15 दिन तक चलेगी। मौजूदा समय मे विस्टाडोम रेल सेवा सिर्फ बारामुला से बनिहाल तक उपलब्ध है जबकि कटड़ा-बनिहाल-श्रीनगर तक वंदेभारत रेल सेवा है। संबधित अधिकारियों ने बताया कि पूरी तरह वातानुकूलित और सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस विस्टाडोम रेल सेवा को बड़गाम से कटरा तक चलाने का निर्णय लिया गया है। यह सेवा 19 सितंबर से आरंभ होकर तीन अक्टूबर तक बहाल रहेगी।