Srinagar Weather: पांच से फिर बदलेगा मौसम वर्षा व हिमपात के आसार, पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बरकरार
Srinagar Weather जम्मू कश्मीर में मंगलवार को मौसम साफ होने पर कश्मीर में बर्फबारी से अस्त व्यस्त जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। वहीं वर्षा के दौरान हुए भूस्खलन के कारण दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राज मार्ग पर यातायात बहाल हो गया है।

श्रीनगर, जागरण संवाददाता।
जम्मू कश्मीर में मंगलवार को मौसम साफ होने पर कश्मीर में बर्फबारी से अस्त व्यस्त जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। वहीं, वर्षा के दौरान हुए भूस्खलन के कारण दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राज मार्ग पर यातायात बहाल हो गया है और श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमानों का आवागमन भी शुरू हो गया है, लेकिन ताजा हिमपात से तापमान में आई गिरावट के कारण पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 7.6 व न्यूनतम शून्य डिग्री दर्ज किया गया।वहीं जम्मू संभाग में पूरे दिन धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। जम्मू में अधिकतम तापमान 21.1 जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया है। वहीं ताजा हिमपात के कारण उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।
लोग सावधानी बरते
प्रशासन ने कश्मीर के नौ जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। इनमें बांडीपोरा, बारामुला, कुपवाड़ा, गांदरबल, बड़गाम, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां व अनंताग शामिल हैं। इन जिलों के पर्वतीय क्षेत्रों के आसपास रहने वाले वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
चार फरवरी तक मौसम शुष्क
मौसम विभाग श्रीनगर के निदेशक सोनम लोट्स के अनुसार, चार फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। पांच फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो जाएगा और इसका प्रभाव नौ फरवरी तक रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी व वर्षा हो सकती है।बता दें कि सोमवार देर शाम तक पूरी घाटी ने बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली थी।
राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए किया बंद
भारी हिमपात और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद किया गया था। बनिहाल-बारामुला रेल सेवा भी रोक दी गई थी। कम रोशनी और रनवे पर बर्फ जमने की वजह से श्रीनगर हवाई अड्डे पर भी विमानों का आवागमन भी नहीं हो पाया। मंगलवार सुबह मौसम में सुधार होते ही श्रीनगर हवाई अड्डे पर भी विमानों का आवागमन शुरू हो गया है।
किश्तवाड़ में हिमस्खलन, कोई नुकसान नहीं
किश्तवाड़ जिले के गंधारी के तुन गांव में मंगलवार को हिमस्खलन होने की सूचना है। हालांकि, जानमाल का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन हिमस्खलन की सूचना से गांव के लोग काफी डर गए हैं। हिमस्खलन के खतरों को देखते हुए लोगों को अपने घरों की छत से बर्फ हटानी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें डर था कि कहीं किसी बड़ी घटना का सामना न करना पड़ जाए, लेकिन भगवान का शुक्र रहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।