'अल्लाह से तौबा करते हैं...', श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजने पर मौलवियों ने मांगी माफी
श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में पूरा 'वंदे मातरम' बजाए जाने पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने खेद जताया है। उन्होंने कहा कि यह इस्लाम के 'तौहीद' सिद्धांत के खिलाफ है और इसके लिए अल्लाह से तौबा की है।

किरेन रिजिजू ने हजरतबल दरगाह पर नमाज अदा की और श्रीनगर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया (एजेंसी फोटो)
HighLights
श्रीनगर वक्फ कार्यक्रम में वंदे मातरम बजने पर जताया खेद
धर्मगुरुओं ने इसे इस्लाम के 'तौहीद' सिद्धांत के खिलाफ बताया
मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने वक्फ बोर्ड की आलोचना की
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में शामिल हुए कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने वंदे मातरम के पूरा बजाए जाने पर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इसके लिए अल्लाह से तौबा (पश्चाताप) की है।
कश्मीर में पिछले दिनों श्रीनगर में आयोजित 'वक्फ दिवस' कार्यक्रम में शामिल हुए इन धर्मगुरुओं ने कहा कि उन्होंने न तो अपने मन से और न ही अपने शब्दों से इस गीत का समर्थन किया था।
बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा, "हम इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे, और अगर हमारी मौजूदगी से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो हम अल्लाह के सामने सच्चे दिल से तौबा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि वह हमारी तौबा को स्वीकार करे।"
एमएमयू ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले 'मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा' (MMU) ने कहा कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में इस गीत को बजाने की कोई कानूनी बाध्यता नहीं है। उन्होंने वक्फ बोर्ड की आलोचना की कि उसने एक ऐसे कार्यक्रम में इसे बजाया, जिसका आयोजन उस संस्था ने किया था जिसे मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनका कहना है कि कार्यक्रम में 'वंदे मातरम' बजाना इस्लाम के 'तौहीद' (अल्लाह के पूर्ण रूप से एक होने) के सिद्धांत के खिलाफ है। एमएमयू ने कहा, "हालांकि इस्लाम अपनी मातृभूमि से प्रेम करने को बढ़ावा देता है, लेकिन यह मातृभूमि से प्रेम करने और उसकी पूजा करने के बीच स्पष्ट अंतर करता है।
कोई भी ऐसा कार्य या व्यवहार जो मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देता हो, वह इस्लाम के मूल सिद्धांत 'तौहीद' के विपरीत है। इसलिए, यह गैर-इस्लामी है और मुसलमानों के लिए इसकी अनुमति नहीं है।"
संगठन ने कहा कि वे कानूनी सलाह ले रहे हैं और धार्मिक जिम्मेदारियां संभालने वाले मुसलमानों से अपील की कि वे बिना किसी समझौते के अपने विश्वास पर कायम रहें। इस पर टिप्पणी के लिए अंद्राबी उपलब्ध नहीं थे।
किरेन रिजिजू सहित कई नेता थे मौजूद
इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. दरख्शां अंद्राबी, लोकसभा सांसद मियां अल्ताफ अहमद और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। कार्यक्रम में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की 1875 की कविता 'वंदे मातरम' के सभी छह छंद बजाए गए थे।
यह केंद्रीय गृह मंत्रालय के उस प्रोटोकॉल निर्देश के अनुसार किया गया, जिसमें राज्य के कार्यक्रमों, आधिकारिक आयोजनों और विधायी सत्रों में वंदे मातरम का पूरा संस्करण बजाना अनिवार्य कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- श्रीनगर में 406 एकड़ पर बसेगा नया शहर, 901 करोड़ का ठेका जारी; लग्जरी विला से लेकर किफायती घर तक बनेंगे
यह भी पढ़ें- 150000 रुपये की खास पश्मीना शॉल ने खींचा सबका ध्यान, बनारस महोत्सव में सजा सर्दियों का शाही बाजार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।