विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर में 406 एकड़ पर बसेगा नया शहर, 901 करोड़ का ठेका जारी; लग्जरी विला से लेकर किफायती घर तक बनेंगे

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:00 AM (IST)

श्रीनगर में बेमिना सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना के लिए दिलीप बिल्डकान को 901.43 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। यह परियोजना 3,200 किफायती आवास इकाइयों सहित आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के शहरी दबाव को कम करेगी। 

श्रीनगर में सैटेलाइट टाउनशिप का सपना होगा साकार। (AI Generated)

श्रीनगर में सैटेलाइट टाउनशिप का सपना होगा साकार। (AI Generated)

HighLights

  1. दिलीप बिल्डकान को 901 करोड़ रुपये का ठेका मिला।

  2. श्रीनगर में बेमिना सैटेलाइट टाउनशिप का निर्माण होगा।

  3. 3,200 किफायती आवास इकाइयां भी बनाई जाएंगी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। राजधानी श्रीनगर में प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना अब हकीकत बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। श्रीनगर में बेमिना के रख गुंड में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए दिलीप बिल्डकान को 901.43 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी को एनबीसीसी (इंडिया) की ओर से लेटर आफ अवार्ड जारी किया गया है।

दिलीप बिल्डकान ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन आधार पर यह परियोजना सौंपी गई है। इसके तहत सैटेलाइट टाउनशिप फेज-एक के पैकेज-तीन में ग्रुप हाउसिंग-दो और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

कंपनी को निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 24 महीने का समय दिया गया है। इसके बाद दो वर्षों तक परियोजना के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी के पास रहेगी।

200 कमरों वाला पांच सितारा रिसार्ट बनाने की योजना

गौरतलब है कि एनबीसीसी और श्रीनगर डेवलपमेंट अथारिटी ने इससे पहले रख गुंड बेमिना में 406 एकड़ भूमि पर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए समझौता किया था। प्रस्तावित टाउनशिप आगामी मेडिसिटी और हाईकोर्ट परिसर के नजदीक विकसित की जाएगी।

इसे श्रीनगर के नए टाउन सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में आवासीय प्लाट, लग्जरी विला, अपार्टमेंट काम्प्लेक्स, कमर्शियल आफिस स्पेस, इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर और 200 कमरों वाला पांच सितारा रिसार्ट विकसित किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 3,200 किफायती आवास इकाइयां भी बनाई जाएंगी।

हर आवासीय इकाई का क्षेत्रफल करीब 45 वर्ग मीटर होगा

प्रत्येक आवासीय इकाई का क्षेत्रफल करीब 45 वर्ग मीटर होगा। परियोजना को आत्मनिर्भर आर्थिक माडल पर विकसित करने की योजना है। इसके तहत विला और व्यावसायिक स्थानों की बिक्री से राजस्व जुटाया जाएगा।

साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परियोजना को ग्रिहा या आइजीबीसी जैसे ग्रीन बिल्डिंग प्रमाणन दिलाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

श्रीनगर में बढ़ते शहरी दबाव को कम करने में मिलेगी मदद

इस सैटेलाइट टाउनशिप के विकसित होने से श्रीनगर के पुराने शहर और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ सड़क, जल निकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे हजारों परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी और शहर के सुनियोजित विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

सरकार ने कुछ महीने पहले विधानसभा में जानकारी दी थी कि जम्मू-कश्मीर हाउसिंग बोर्ड की ओर से श्रीनगर के आसपास कई नई आवासीय कालोनियां विकसित करने की योजना है।

इनमें श्रीनगर के छत्तरहामा में प्रस्तावित हाउसिंग कालोनी भी शामिल है, जिसके लिए अलमंड्ज ग्लोबल सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड को ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया गया है।

श्रीनगर के साथ आसपास के इलाकों में भी बढ़ेंगी आवासीय सुविधाएं

इसके अलावा, पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की 52वीं बैठक में गांदरबल के बकोरा में फ्लैटेड आवासीय सुविधा वाली कालोनी को भी मंजूरी दी गई थी। इस कालोनी का विकास सेल्फ-फाइनेंसिंग योजना के तहत किया जाएगा।

इन परियोजनाओं को श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आवासीय जरूरतों को पूरा करने तथा आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।