विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Srinagar: आतंक का पर्याय बना गुलदार को वन विभाग ने किया ढेर, 24 घंटे में सात लोगों पर किया था हमला

Published: Sat, 24 Feb 2024 12:04 AM (GMT+05:30)

उत्तराखंड के कीर्ति नगर क्षेत्र में गुलदार के आतंक से सभी परेशान हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में गुलदार ...और पढ़ें

Srinagar: आतंक का पर्याय बना गुलदार को वन विभाग ने किया ढेर
Srinagar: आतंक का पर्याय बना गुलदार को वन विभाग ने किया ढेर

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। उत्तराखंड के कीर्ति नगर क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर सात लोगों पर हमला करने वाले गुलदार को वन विभाग की टीम ने शुक्रवार दोपहर ढेर कर दिया। हालांकि, गुलदार ने मारे जाने से पहले डिप्टी रेंजर और एसडीओ समेत तीन वन कर्मियों को भी घायल कर दिया। सभी घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एसडीओ को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। 

कई वन कर्मियों पर किया हमला

वन विभाग के अनुसार, गुलदार ने गुरुवार को मल्ला नैथाणा में तीन महिलाओं, डांग कीर्ति नगर में एक वृद्धा, फिर शाम को पैंडुला गांव में एक महिला और रात में पैंडुला के समीप गश्त कर रहे दो वन कर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। मारे गए नर गुलदार की आयु लगभग 10 वर्ष थी। पिछले कई दिन से क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने गुलदार के मारे जाने से जनता ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे मलेथा बाजार के एक होटल में गुलदार घुस गया। 

होटल में घुस गया था गुलदार

होटल मालिक ने सूझबूझ दिखाते हुए अन्य लोगों की मदद से तत्काल होटल के सभी दरवाजे बंद कर दिए और पुलिस को सूचना दी। लगभग डेढ़ घंटे तक गुलदार होटल के अंदर ही रहा। इसके बाद होटल के पीछे की तरफ एक खिड़की खुली होने से कूदकर बाहर निकल गया और मैदान व खेतों से होता हुआ अलकनंदा नदी की ओर चला गया। इस बीच पुलिस, प्रशासन व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और गुलदार की खोज में जुट गई। 

झाड़ियों से निकलकर किया हमला

दोपहर लगभग एक बजे पता चला कि गुलदार नदी की ओर झाड़ियों में छिपा है। वनकर्मी जैसे ही वहां पहुंचे, गुलदार ने झाडि़यों से निकलकर हमला कर दिया। इससे वन विभाग के दो कर्मी और एसडीओ देवप्रयाग अनिल पैन्यूली घायल हो गए। इसके बाद वन कर्मियों ने गुलदार पर एक के बाद एक तीन फायर किए, जिसमें से दो गोली लगने से वह ढेर हो गया। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।