Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sonia Gandhi In Srinagar: दो दिवसीय निजी दौरे पर श्रीनगर पहुंची सोनिया गांधी, Nigeen Lake में की नाव की सवारी

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को श्रीनगर पहुंचीं और निगीन झील में नाव की सवारी की। सोनिया गांधी श्रीनगर में राहुल गांधी से मुलाकात करेंगी। बताया गया कि प्रियंका गांधी भी श्रीनगर पहुंच सकती हैं। गांधी परिवार के दो दिन बाद कश्मीर के गुलमर्ग जाने की संभावना भी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है।

    By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaUpdated: Sat, 26 Aug 2023 02:42 PM (IST)
    Hero Image
    जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंची सोनिया गांधी, नाव में की सवारी

    श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। बेटे राहुल गांधी संग छुट्टियां बिताने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शनिवार को श्रीनगर पहुंच गईं। दामाद राबर्ट वाड्रा भी कश्मीर में ही हैं, सिर्फ बेटी प्रियंका साथ नहीं है। उन्हें आज आना था, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं आ सकीं। सोनिया गांधी ने नगीन झील में मोटरबोट की सैर का भी आनंद लिया। गांधी परिवार का 29 अगस्त तक कश्मीर में रुकने का कार्यक्रम है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल गांधी के नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू मूल रूप से कश्मीरी हिंदू थे, जिनके बाप-दादा कश्मीर छोड़कर उत्तर प्रदेश बस गए थे। पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्म प्रयागराज में हुआ था। बीते 34 वर्ष में यह पहला अवसर है जब गांधी परिवार कश्मीर में निजी दौरे पर छुट्टियां बिताने आया है। प्रियंका गांधी मई 2014 में श्रीनगर आई थीं, लेकिन वह अकेली ही थीं।

    राहुल गांधी इसी वर्ष फरवरी में गुलमर्ग में स्कीईंग करने के लिए आए थे, उस समय उनके साथ उनका भांजा भी था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी बीते शुक्रवार को ही लद्दाख से कश्मीर पहुंचे हैं। वह नगीन झील में स्थित एक हाउसबोट ज्यूल आफ क्राऊन में ठहरे। सोनिया गांधी आज सुबह 11.30 बजे दिल्ली से श्रीनगर पहुंचीं।

    एयरपोर्ट पर जम्मू कश्मीर कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख विकार रसूल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीए मीर, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो सैफूदीन सोज, पूर्व मंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद और रमन भल्ला के अलावा तारिक हमीद करा ने सोनिया गांशी का स्वागत किया। पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने एयरपोर्ट पर ही कांग्रेस नेताओं के साथ लगभग दस मिनट तक बातचीत की।

    इसके बाद वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगीन झील के लिए रवाना हो गईं। वह सीधे उस हाउसबोट में पहुंची जहां राहुल गांधी रूके हुए हैं। दोनों ने दोपहर का भोजन एक साथ किया । उन्होंने झील में मोटरबोट की सैर का भी आनंद लिया। राहुल गांधी भी उनके साथ थे। शाम को राहुल गांधी और सोनिया गांधी नगीन झील के साथ सटे रैनावारी इलाके में अशाई बाग स्थित एक होटल में चले ठहरने चले गए। राबर्ट वाड्रा भी इसी होटल में ठहरे हैं।

    प्रदेश कांग्रेस के पूर्वाध्यक्ष जीए मीर ने कहा कि प्रियंका गांधी आज नहीं पहुंच सकी हैं। वह रविवार या सोमवार को आएंगी। इसके बारे में हमारे पास कोई पक्की जानकारी नहीं है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राबर्ट वाड्रा का गुलमर्ग के अलावा क्षीर भवानी जाने का भी कार्यक्रम है। यह पूछे जाने पर कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी कश्मीर में अपने दौरे के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला, उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला या फिर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती से मिलेंगे तो उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है।