Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LoC पर लगातार हो रही फायरिंग; भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब

    Updated: Sat, 03 May 2025 09:03 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सेना द्वारा गोलाबारी जारी है जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। सीमावर्ती इलाकों में तनाव बढ़ गया है और किसान अपनी फसलों को जल्दी काटने में लगे हैं। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और आपात स्थिति में बंकरों में शरण लेने की सलाह दी गई है। एलओसी पर जारी गोलाबारी से दहशत का माहौल है।

    Hero Image
    LoC पर लगातार गोलीबारी कर रहा है पाकिस्तान (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने दिनभर शांत रहने के बाद शनिवार की रात को एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय अग्रिम ठिकानों पर गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी जवाब में पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान दोनो तरफ हुए नुकसान की तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस बीच, पाकिस्तानी गोलीबारी से सीमांत इलाकों में पैदा हुए तनाव के बीच किसानों ने अपनी फसल को तेजी से काटना शुरु कर दिया है। सीमांतवासियों को पूरी तरह सचेत रहने और किसी भी आपात परिस्थिति में निकटवर्ती बंकरों में शरण लेने के लिए कहा गया है।

    रात के समय ही हो रही है गोलीबारी

    उल्लेखनीय है कि बैसरन पहलगाम नरसंहार के बाद भारत ने पाकिस्तान के प्रति कठोर रवैया अपनाते हुए उसके साथ सिंधु जल नदी समझौता निलंबित करने के साथ ही उसके साथ व्यापारिक व अन्य संबंध भी निंलबित करना शुरू कर दिया है।

    इससे पाकिस्तान हताश हो गया है और पाकिस्तानी सेना ने एलओसी व अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जंगबंदी को भंग कर दिया है। पाकिस्तानी सेना 24 अप्रैल से लगातार भारतीय चौकियों पर गोलीबारी कर रही है, लेकिन यह गोलीबारी रात के समय ही हो रही है।

    इन जगहों पर हुई गोलीबारी

    रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार- शनिवार की मध्यरात्रि को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला के साथ जम्मू प्रांत मे राजौरी-पुंछ व अखनूर सेक्टर में अग्रिम भारतीय ठिकानों पर निशाना साधते हुए गोलीबारी की। भारतीय जवानों ने भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि यह गोलीबारी शनिवार की सुबह सूर्योदय के कुछ देर बाद पूरी तरह से बंद हो गई।

    भारतीय जवान भी दे रहे हैं जवाब

    प्रवक्ता ने बताया कि दिनभर पाकिस्तानी सैनिक शांत रहे। सूर्यास्त के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर उत्तरी कश्मीर में तीन और राजौरी-पुंछ में दो भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू की। भारतीय जवानों ने कुछ देर तक संयम बनाए रखते हुए कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन गोलीबारी की तीव्रता बढ़ते देख उन्होंने भी जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी जो देर रात गए इस खबर के लिखे जाने तक जारी थी।

    स्थानीय लोगों में डर का माहौल

    इस बीच, उड़ी स्थित इकबाल लोन ने कहा कि अग्रिम इलाकों में रोज रात को गोलीबारी हो रही है। स्थानीय लोगों मे इससे डर का माहौल बना हुआ है। संबधित सैन्याधिकारियों ने लोगों को पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।

    जल्द से जल्द फसल काटकर ले जा रहे हैं स्थानीय

    इधर, जम्मू के रामगढ़ और राजपुरो सेक्टर में स्थिति पूरी तरह शांत है, लेकिन अखनूर से लेकर कुपवाड़ा तक रोज रात होने वाली गोलीबारी से उपजे तनाव का असर स्थानीय लोगों में साफ नजर आता है। स्थानीय किसान अपनी गेहूं की पकी फसल को जल्द से जल्द काट अपने घर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।

    सीमा सुरक्षाबल ने भी इन इलाकों में अपनी चौकसी और तैनाती बढ़ा दी है। दूसरी तरफ अखनूर से कुपवाड़ा तक सीमांत इलाकों में सुरक्षाबलों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

    वरिष्ठ अधिकारी सीमांत इलाकों का दौरा कर हालात और ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। नागरिक प्रशासन और पुलिस के साथ संबधित सैन्याधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर संवाद कर,किीस भी आपात स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की कार्ययोजना को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।