विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लश्कर से जुड़ने के ठीक एक साल बाद मारा गया आतंकी लतीफ, सरेंडर की अपील पर बोला- अल्लाह से मिलूंगा

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:27 PM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2026 12:33 PM (IST)

कश्मीर के कुलगाम में मारा गया आतंकी लतीफ अहमद पिछले साल नवंबर में ही लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। वह कुलगाम ...और पढ़ें

आतंकी लतीफ पर था 15 लाख का इनाम (फोटो- सोशल मीडिया)

आतंकी लतीफ पर था 15 लाख का इनाम (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. जंगलपोरा की मस्जिद में छिपा हुआ था आतंकी

  2. आतंकी लतीफ को सरेंडर का मौका दिया गया

  3. लतीफ ने कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर किया था अटैक

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर अटैक करने वाला आतंकी लतीफ अहमद भट ढेर हो चुका है। बुधवार को एक संयुक्त ऑपरेशन में जवानों ने यह कार्रवाई की।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि कुलगाम मुठभेड़ में मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवान का रहने वाला था। मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकी का शव और एक हथियार भी बरामद किया गया है।

कश्मीर घाटी में आतंक का नया पर्याय बना टीआरएफ का स्वयंभू कमांडर लतीफ अहमद भट अपनी मौत को सामने देख जंंगलपोरा कुलगाम में एक मस्जिद में घुस गया, लेकिन सुरक्षाबलों ने पूरी सूझबूझ और संयम के साथ कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया। उसे सरेंडर का भी मौका दिया गया। 

सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए भट से संपर्क किया और उससे हथियार डालने के लिए कहा। एक अधिकारी ने उसे सरेंडर करने के लिए मनाते हुए कहा,  'हम तुम्हारे साथ हैं।' लेकिन, भट ने हथियार डालने से इनकार कर दिया और जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।'

एक साल पहले ही आतंकी बना था लतीफ

गौरतलब है कि है कि गत वर्ष नवंबर में आतंकी बनने वाला लतीफ अहमद भट 15 लाख का इनामी आतंकी था। वह बीते वर्ष नवंबर में आतंकी बना था। 12वीं पास लतीफ ने कॉलेज में भी दाखिला लिया था और कुछ समय बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी।

उसने कुछ समय तक पलंबर, इलैक्ट्रिशियन और बढ़ई के रूप में भी काम किया। लतीफ ने इस वर्ष जुलाई में अनंतनाग के लालचौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या करने के अलावा कुलगाम मे छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों को भी मौत के घाट उतारा था।

उसके साथी उमर निसार को दो दिन पहले ही सुरक्षाबलों ने लारू में हुई मुठभेड़ में मार गिराया था जबकि वह स्वयं वहां से बच निकला था और जंगालपोरा पहुंचने में कामयाब रहा था।

अखरन कुलगाम में सीआरपीएफ दल पर हुए हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने लतीफ भट और उसके साथियों को पकड़ने के लिए एक सघन तलाशी अभियान चला रखा था।

500 से ज्यादा संदिग्ध तत्वों से पूछताछ

इस अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से ज्यादा संदिग्ध तत्वों से पूछताछ करने के बाद 20 लोगों केा पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और उसी दौरान लश्कर व टीआरएफ से जुढ़े तीन ओवरग्राउंड वर्कर भी कथित तौर पर चिह्नित किए गए। इसी दौरान लतीफ भट के कुछ संभावित ठिकानों का भी पता लगाया गया।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मारा गया लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट

कैसे शुरू हुआ ऑपरेशन?

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने जंगालपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।

तलाशी लेते हुए जवानों को अपने ठिकाने की तरफ बढ़ते देख आतंकी लतीफ ने घेराबंदी तोड़ भागने का प्रयास करते हुए उन पर पर गाेलियां दागी। लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। खुद को बचाने के लिए वह निकटवर्ती मस्जिद में दाखिल हो गया।

मस्जिद की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी रोक दी और उसे सरेंडर के लिए कहा। बताया जाता है कि वह आज ढाई बजे मस्जिद में दाखिल हुआ था।

आतंकी के मस्जिद में दाखिल होने की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्वयं और स्थानीय मौलवी के माध्यम से सरेंडर के लिए मनाने का प्रयास किया। लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।

इससे पहले कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने पत्रकारों को बताया था कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए अत्यधिक संयम बरता। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित रही।

यह भी पढ़ें- 'जिंदगी अभी बाकी है...', मस्जिद में छिपे आतंकी लतीफ को मिला था अल्टीमेटम; सरेंडर न करने पर कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड ढेर

 

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।