विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जिंदगी अभी बाकी है...', मस्जिद में छिपे लश्कर आतंकी लतीफ को अल्टीमेटम; चारों तरफ से घिरा कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:01 AM (GMT+05:30)

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का वांछित आतंकी लतीफ अहमद भट एक मस्जिद में छिपा हुआ है।

HighLights

  1. कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई

  2. लश्कर आतंकी लतीफ भट मस्जिद में छिपा, सुरक्षाबलों ने घेरा

  3. सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ को आत्मसमर्पण का मौका दिया

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इलाके में भारी सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। मौके की तस्वीरों में सुरक्षाकर्मी वाहनों की जांच करते दिखे। इलाके की सुरक्षा मजबूत करने और निगरानी रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

वहीं, कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर हमला करने वाला लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड लतीफ अहमद भट मस्जिद में छिपा हुआ है। सुरक्षबलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया है और उसे सरेंडर का मौका दे रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।

आतंकी को सरेंडर करने का मौका

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने कहा कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में घिरे आतंकी लतीफ बट को आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और देवसर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि लतीफ को हमने आत्मसमर्पण करने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया। मैंने खुद उससे वीडियो कॉल पर बात की और काफी देर तक बातचीत की। हमने उसे समझाया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह अभी बहुत युवा है, लेकिन वह हमारी बात मानने को तैयार नहीं हुआ।

एसएसपी इनायत अली ने कहा कि मस्जिद को ध्यान में रखते हुए हमने अधिकतम संयम बनाए रखा है और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया जा रहा है। हम समय आने पर इस आतंकी को निष्क्रिय कर देंगे। यदि इसमें अधिक समय लगता है तो भी हमें कोई परेशानी नहीं है। समय हमारे पक्ष में है और सुरक्षाबल पूरी तरह से अपनी पोजीशन पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- कुलगाम में CRPF टीम पर हमले से पहले आतंकियों ने की रेकी, चेकपोस्ट पर दिखा लश्कर का कमांडर लतीफ; वीडियो आया सामने

उमर निसार पहले ही मारा जा चुका

वहीं, कुलगाम हमले का दूसरा लश्कर आतंकी उमर निसार डार सोमवार को एनकाउंटर में मारा जा चुका है। उमर निसार डार ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 10 नवंबर को कई जगहों पर रेकी कर रहा था। यह रेकी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हमले से पहले की गई थी।

जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और उन पर हमले की योजना बनाने के लिए मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में रेकी की थी।

11 नवंबर को, उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर अखरान में सीआरपीएफ के एक नाके पर हमला किया और फिर वहां से भाग गया। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें- कुलगाम मुठभेड़: मस्जिद में छिपा बैठा मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट, सरेंडर कराने की कोशिशें जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।