विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम में CRPF टीम पर हमले से पहले आतंकियों ने की रेकी, चेकपोस्ट पर दिखा लश्कर का कमांडर लतीफ; वीडियो आया सामने

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:45 AM (IST)

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हमला करने से पहले आतंकियों ने रेकी की थी। पुलिस ने आतंकी लतीफ और उमर का वीडियो जारी किया है।

सीसीटीवी कैमरे में नजर आए कुलगाम हमले के आतंकी (वीडियो- सोशल मीडिया)

सीसीटीवी कैमरे में नजर आए कुलगाम हमले के आतंकी (वीडियो- सोशल मीडिया)

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) जवानों पर हमला कर भागे आतंकियों में से एक को सुरक्षाबल ने मात्र पांच दिन के भीतर सोमवार को ढेर कर दिया।

हमले का मुख्य सरगना और द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का स्वयंभू कमांडर लतीफ अहमद बट भी घायल है, लेकिन मुठभेड़स्थल से भाग निकलने में कामयाब रहा।

इसी बीच पुलिस ने आतंकियों का वह वीडियो जारी किया है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार कुलगाम जिले में ठिकानों की रेकी करते नजर आ रहे हैं। यह फुटेज पिछले हफ्ते सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की चौकी पर हुए हमले से ठीक एक दिन पहले का है।

मुठभेड़ में मारा गया निसार डार

अधिकारियों ने बताया कि कल लारू में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला। हालांकि, वह भी घायल है और उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इन दोनों आतंकियों की गतिविधियों के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ने कुलगाम में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों को अपनी ओर आते देख, दोनों आतंकी पास के एक सेब के बगीचे के बगल में स्थित दो स्कूलों की तरफ भाग गए।

11 नवंबर को हुआ था कुलगाम में हमला

ज्ञात हो कि कुलगाम के अखरन में 11 नवंबर को आतंकी लतीफ बट ने आतंकी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी और भाग निकले थे। हमले में तीन जवान घायल हुए थे। तब से सुरक्षाबल उनके पीछे लगे थे।

अधिकारियों ने बताया कि लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह कुलगाम से कुछ दूर लारू में आगे बढ़ रहे पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सीआरपीएफ और सेना के जवान भी अभियान में जुड़ गए।

स्कूल में मौजूद थे 90 छात्र

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, घेरा कसता देख आतंकी जान बचाने के लिए बाग के पास एक स्कूल में जा छिपे। उस समय छात्र भी स्कूल में उपस्थित थे। ऐसे में बच्चों और अन्य लोगों को निकालने के लिए सुरक्षाबल ने बचाव अभियान चलाया और 90 मिनट में सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। सभी को निकालने के बाद आतंकियों के सफाए के लिए अभियान चलाया गया।

सुरक्षाबल ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने के लिए भी कहा, लेकिन आतंकी लगातार गोलीबारी करते रहे। दोनों ओर से गोलीबारी थमने के बाद जवानों ने क्षेत्र की तलाशी ली तो उन्हें गोलियों से छलनी एक आतंकी का शव मिला। खेतों की तरफ कुछ खून के धब्बे भी मिले। इससे दावा किया जा रहा है कि दूसरा आतंकी लतीफ घायल है पर वह बच निकला।

15 दिन पहले ही आतंकी बना था मारा गया उमर निसार

कुलगाम मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार 15 दिन पहले ही आतंकी बना था। वह कुलगाम में अर्रे गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पत्थरबाजी की घटनाओं में भी शामिल रहा है।

आतंकी बनने से पहले वह आटो रिक्शा चलाता था। वह कश्मीर में परंपरागत बेकरी उत्पाद तैयार करने वाले कारीगर (नानवाई) का भी काम करता था। इसी दौरान वह वह लश्कर और टीआरएफ के आतंकियों के लिए ओवरग्राउंड वर्कर के रूप में काम करने लगा। वहीं, टीआरएफ कमांडर लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम है।

वह कुलगाम में श्रमिकों और अनंतनाग में पुलिसकर्मी पर हमले में वांछित है। लतीफ पिछले वर्ष नवंबर में आतंकी बना था। सीआरपीएफ काफिले पर हमले का दोनों का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो गया था।

यह भी पढ़ें- कॉलेज छोड़कर बना था आतंकी, फिर लश्कर का कमांडर बना लतीफ भट; कुलगाम एनकाउंटर में घायल होने की सूचना

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; घायल लतीफ भट भाग निकला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।