जम्मू-कश्मीर में गर्मी का कहर जारी, श्रीनगर में टूटा 20 साल का रिकॉर्ड; अभी और बढ़ेगा तापमान
Jammu Kashmir Weather Today जम्मू में गर्मी से राहत है पर कश्मीर में गर्मी बढ़ रही है। श्रीनगर में वीरवार को जून का दो दशकों का सबसे ज़्यादा तापमान दर्ज किया गया जो 35.2 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कश्मीर में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। वहीं जम्मू में अगले दो दिन बाद प्री-मानसून की बौछार होने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। Jammu Kashmir Mausam News: जम्मू में तो प्रचंड गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कश्मीर में तपिश बढ़ती जा रही है। श्रीनगर में वीरवार को जून का दो दशकों का उच्चतम तापमान रिकॉर्ड टूट गया। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 20 वर्षों में जून का अधिक तापमान है। गर्म हवाओं का कहर जारी है। कश्मीर में अगले दो दिन और भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है।
उधर, जम्मू में दो दिन बाद प्री-मानसून की बौछार होगी। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार, इससे पहले ऐसा तापमान जून 2005 के बाद कभी रिकॉर्ड नहीं हुआ था। श्रीनगर में जून का सर्वकालिक उच्चतम तापमान 29 जून 1978 को दर्ज किया था। वीरवार को श्रीनगर का तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है।
काजीगुंड भी रहा गर्म
काजीगुंड में भी दिन रिकॉर्ड गर्म रहा। यहां पारा 34.7 डिग्री तक पहुंच गया। जो सामान्य से 7.6 डिग्री ऊपर है। जो 1988 के बाद अब तक का जून का सबसे अधिक तापमान है। काजीगुंड में अब तक का दूसरा सर्वाधिक तापमान 35.3 डिग्री ; 27 जून 1988 और सर्वकालिक उच्चतम तापमान 35.7 डिग्री ;26 जून 1988 को दर्ज किया था।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में वीरवार को तेज गर्मी का असर देखा गया। खासकर श्रीनगर, कुपवाड़ा, काजीगुंड और अनंतनाग जैसे कश्मीर के शहरों में सामान्य से कई डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया।
पहलगाम में 29 डिग्री तापमान
पहलगाम में 29.6 और कुपवाड़ा ; 33.1 डिग्री में भी औसत से क्रमशः 5.5 और 4.7 डिग्री अधिक तापमान दर्ज हुआ। जम्मू संभाग में भी गर्मी बरकरार। जम्मू शहर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। कटड़ा ; 35.4, बटोत 28.7 और भद्रवाह; 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कश्मीर में इस समय सामान्य से अधिक तापमान के चलते लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़ी बारिश की संभावना नहीं जताई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कश्मीर में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं जम्मू में कल देर रात से वर्षा के असार बनते दिख रहे हैं। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।