यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu Kashmir Weather: पहलगाम और गुलमर्ग में शून्य से नीचे गिरा तापमान, कड़ाके की ठंड ने लोगों को किया बेहाल; पढ़ें मौसम अपडेट
Jammu Kashmir Weather जम्मू कश्मीर में पहलगाम और गुलमार्ग में शून्य से नीचे गिर गया है। इससे घाटी में खून ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। शुष्क मौसम में तापमान के जमाव बिंदु से नीचे बने रहने की वजह से घाटी में खून जमा देने वाली ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। हालांकि श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में दिनभर हल्की धूप रही, लेकिन ठंड से लोगों को कोई राहत नहीं मिली। रविवार को भी घाटी के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे बना रहा।
गुनगुनी धूप से लोगों को मिली राहत
पहलगाम में अधिकतम 6.3 व न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस जबकि गुलमर्ग में अधिकतम 5.7 व न्यूनतम तापमान -3.6 डिग्री, श्रीनगर में अधिकतम 12.0 व न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जम्मू संभाग में निकली गुनगुनी धूप से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। जम्मू में अधिकतम 24.4 व न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बंद मुगल रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला
वहीं बीते तीन दिनों से बर्फबारी के कारण बंद मुगल रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। संबंधित अधिकारियों के अनुसार पीर की गली के निकट से बर्फ को हटाने के बाद रविवार सुबह मुगल रोड को खोल दिया गया है, लेकिन अभी भी श्रीनगर-सोनमर्ग, कुपवाड़ा-करनाह तथा बांडीपोरा गुरेज मार्ग हैं।
10 दिसंबर तक मौसम के मिजाज बने रहेंगे शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी में मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने 10 दिसंबर तक घाटी में मौसम के मिजाज शुष्क बने रहने और तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है। बता दें कि घाटी में सर्दियों का सबसे कठिन दौर कहलाने वाला 40 दिवसीय चिल्लेकलां 21 दिसंबर से शुरू हो रहा है।