जम्मू में तेज बारिश से भूस्खलन और बाढ़, कश्मीर में गर्मी से हाल बेहाल; मौसम विभाग ने वेदर को लेकर दिया बड़ा अपडेट
जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी और बारिश दोनों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण रामबन और वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिससे सड़कें ...और पढ़ें

भारी बारिश के बाद तवी नदी में अचानक आई बाढ़। फोटो सोर्स- पीटीआई
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में गर्मी और वर्षा दोनों जारी हैं। कहीं वर्षा, भूस्खलन और बाढ़ से लोग बेहाल हैं, तो कहीं गर्मी से परेशान। रामबन जिला में बुधवार को वर्षा के बाद हुए भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब तीन घंटे बंद रहा। इससे हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। हाईवे खुलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई वर्षा से सुबह जम्मू में तवी नदी का जलस्तर बढ़ गया और बीच टापू में जाकर पिंड दान कर रहे आठ नेपाली नागरिकों सहित नौ लोग फंस गए। एसडीआरएफ ने एक घंटे विशेष राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित निकाल लिया। राजौरी शहर में मंगलवार रात को हुई जोरदार बारिश से नालों का पानी लोगों की दुकानों व घरों में घुस गया।
इससे कई वाहन भी तेज बहाव में बह गए, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। इधर, कटड़ा में तेज वर्षा से एक बार फिर माता वैष्णो देवी के बैटरी कार मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने से पत्थर व चट्टानों का मालवा मार्ग पर आने से इस रास्ते को मंगलवार देर रात को बंद कर दिया गया। इस दौरान यात्रा पारंपरिक मार्ग से जारी रही। बुधवार सुबह बैटरी कार मार्ग से मलबा हटाकर इसे दस घंटे बाद फिर खोल दिया गया। इससे पहले भी मार्ग पर भूस्खलन हुआ था।
रियासी में कंडा-रनसू के बीच सड़क पर मलबा आ जाने से पौनी-रनसू यात्रा मार्ग बंद हो गया। अब शिवखोड़ी जाने वाले श्रद्धालु कंडा से बाया त्रियाठ से होते हुए जा रहे हैं। कश्मीर में गर्मी से लोग बेहाल हैं। दिन तो मुश्किल से बीत रहा है, अब रात काटनी भी मुश्किल हो गई है। श्रीनगर में मंगलवार रात पहली बार न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वैसे बुधवार को जम्मू और श्रीनगर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग एक समान रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इधर, जम्मू में अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम पारा 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम में भी न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा। पहलगाम में भी यह अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। इस बीच, बुधवार को भी श्रीनगर में शुष्क मौसम के बीच झुलसा देने वाली गर्मी का प्रकोप जारी रहा।
हालांकि, श्रीनगर में कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। जम्मू में भी हल्की धूप और उमस जारी रही। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के अनुसार, अगले चौबीस घंटों के दौरान कश्मीर के अधिकांश इलाकों में बारिश हो सकती है। वर्षा का सिलसिला एक जुलाई तक जारी रह सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।