विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद आर्मी का एक्शन, 10 जगहों पर चलाया सर्च ऑपरेशन

Published: Sun, 09 Nov 2025 10:25 AM (IST)

काउंटर-इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने कश्मीर के कई जिलों में तलाशी अभियान शुरू किया है। श्रीनगर सहित छह जिलों में संदिग्ध ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: आतंकवादियों के ठिकानों पर सुरक्षाबलों का बड़ा तलाशी अभियान

जम्मू-कश्मीर: आतंकवादियों के ठिकानों पर सुरक्षाबलों का बड़ा तलाशी अभियान

HighLights

  1. कश्मीर में 10 जगहों पर तलाशी

  2. आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

  3. युवाओं की भर्ती रोकने का प्रयास

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां का प्रहार रविवार को भी जारी रहा। कश्मीर के विभिन्न जिलों के अलावा जम्मू संभाग के रामबन, डोडा, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ और कठुआ जिलों में दर्जनों जगहों पर दबिश देकर आतंकियों के स्वजन, रिश्तेदारों और मददगारों से पूछताछ की गई। प्रदेश स्तर में हुई कार्रवाई में बड़ी संख्या में संदिग्ध मददगारों को हिरासत में लिया गया है। इनसे पाकिस्तान में मौजूद आकाओं के साथ संबंधों, वित्तीय स्रोतों और संचार माध्यमों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।

डिजिटल उपकरण व आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। वहीं कठुआ में आतंकियों से संबंध के आरोप में दो एसपीओ बर्खास्त कर दिया। इसके अलावा पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने सिम कार्ड दुरुपयोग मामले में भी छापेमारी हुई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो आने वाले दिनों में यह कार्रवाई राज्यव्यापी स्तर पर और भी सख्त की जाएगी ताकि किसी भी रूप में आतंकी गतिविधियों या उनके समर्थकों को पनपने का मौका न मिले। बारामुला जिले में दो दिनों में गुलाम जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान स्थित आतंकियों से जुड़ी 25 संपत्तियों की तलाशी ली गई। 19 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। तीन को जेल भेज दिया गया।

आतंकी मददगारों से जुड़ी 22 संपत्तियों की तलाशी ली गई। जिले भर में 73 सिम विक्रेताओं की जांच की। राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर 208 वाहनों की जांच की। कुलगाम पुलिस ने कई स्थानों पर आतंकियों के मददगार, यूएपीए व पीएसए के आरोपितों, मारे गए व सक्रिय आतंकवादियों के रिश्तेदारों से पूछताछ की। शोपियां में भी कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। गांदरबल में 30 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया। अनतंनाग में पुलिस ने हारून रशीद गनी उर्फ तल्हा निवासी हसनपोरा बिजबिहाड़ा और मंजूर अहमद गनी निवासी बिजबिहाड़ा के आवासों पर छापे मारे।

दोनों के संपर्क पाकिस्तान में रह रहे आतंकियों से हैं। अभियान के दौरान कई लोगों की पहचान सत्यापित की गई। रामबन के बनिहाल और गूल में कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। रामबन एसएसपी के निर्देश में चलाए अभियानों के दौरान पाकिस्तान से संचालित सक्रिय जम्मू और कश्मीर आधारित आतंकियों के रिश्तेदारों और सहयोगियों के घरों की तलाशी ली। पुलिस टीमों ने कई परिसरों का निरीक्षण किया। ये अभियान रामबन पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और एसओजी की टीमों ने मजिस्ट्रेट के साथ संवेदनशील इलाकों में चलाए।