विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो का विमान, नवी मुंबई से आ रही थी फ्लाइट

Published: Fri, 04 Sep 2026 10:35 AM (IST)Updated: Fri, 04 Sep 2026 10:40 AM (IST)

नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल से टकरा गई।

HighLights

  1. इंडिगो की उड़ान श्रीनगर एयरपोर्ट पर पोल से टकराई

  2. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित

  3. एयरपोर्ट पर विमान परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (वीडीजीएस) के पोल के संपर्क में आ गई।

घटना में विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, घटना के बाद भी हवाईअड्डे का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित

एयरपोर्ट प्राधिकरण के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 225 (वीटी-एनओजी) को सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर छह पर पार्क किया जा रहा था।

इसी दौरान विमान वीडीजीएस पोल के संपर्क में आ गया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित रूप से उतारा गया।

इसके लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। प्राधिकरण ने बताया कि घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा।

श्रीनगर एयरपोर्ट का होगा विस्तार

वहीं, श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब और बड़ा होने वाला है। एयरपोर्ट के विस्तार पर 1,667 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद यहां हर साल एक करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता हो जाएगी। नए टर्मिनल का काम 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी के अनुसार, श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सिविल एन्क्लेव के 1,667 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विस्तार से सालाना यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़कर एक करोड़ होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें- कश्मीर आने-जाने वालों के लिए बड़ी खबर! श्रीनगर एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल, ₹1,667 करोड़ से होगा विस्तार

यह भी पढ़ें- कश्मीर जाने वालों को राहत, सोमवार-मंगलवार को श्रीनगर एयरपोर्ट रनवे बंद का फैसला वापस, सभी दिन जारी रहेंगी उड़ानें