विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर जाने वालों को राहत, सोमवार-मंगलवार को श्रीनगर एयरपोर्ट रनवे बंद का फैसला वापस, सभी दिन जारी रहेंगी उड़ानें

By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
Published: Sat, 04 Jul 2026 11:36 AM (IST)

श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने सोमवार और मंगलवार को रनवे बंद करने का प्रस्ताव वापस ले लिया है, जिससे अब इस साल कोई पूर्ण उड़ान बंदी नहीं होगी।

श्रीनगर एयरपोर्ट का बड़ा फैसला, इस साल नहीं होगी पूर्ण एयरफील्ड बंद।

श्रीनगर एयरपोर्ट का बड़ा फैसला, इस साल नहीं होगी पूर्ण एयरफील्ड बंद।

HighLights

  1. सोमवार-मंगलवार रनवे बंदी का प्रस्ताव वापस लिया गया।

  2. श्रीनगर एयरपोर्ट पर अब सभी दिन उड़ानें जारी रहेंगी।

  3. रात में रनवे रखरखाव अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने शनिवार को यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने पहले जारी किए गए उस नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) को वापस ले लिया है, जिसमें सोमवार और मंगलवार को रनवे को पूरी तरह बंद रखने का प्रस्ताव था। अब इस साल हवाई अड्डे पर किसी भी दिन पूर्ण रूप से उड़ान संचालन बंद नहीं होगा।

एयरपोर्ट प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऑपरेशनल अपडेट जारी कर स्पष्ट किया कि उड़ानें सप्ताह के सभी सातों दिन जारी रहेंगी। हालांकि, संचालन का समय सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक ही रहेगा।

श्रीनगर एयरपोर्ट ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "यात्रियों को सूचित किया जाता है कि इस वर्ष श्रीनगर एयरपोर्ट पर कोई पूर्ण एयरफील्ड क्लोजर नहीं होगा। एयरपोर्ट का संचालन सभी दिनों में सुबह 0800 बजे से शाम 1700 बजे तक जारी रहेगा। रनवे के रखरखाव के लिए रात के समय बंदी अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी।"

प्रशासन ने यह भी साफ किया कि सोमवार और मंगलवार को रनवे को पूरी तरह बंद करने से संबंधित पहले प्रस्तावित NOTAM को वापस ले लिया गया है। एयरलाइंस को मौजूदा परिचालन समय के अनुसार अपने शेड्यूल को अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

पहले क्या था प्रस्ताव?

दरअसल, श्रीनगर एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए पहले एक NOTAM जारी किया गया था। इसमें प्रस्ताव था कि हर सप्ताह सोमवार और मंगलवार को रनवे को पूरी तरह बंद रखा जाएगा, ताकि मेंटेनेंस का काम बिना रुकावट पूरा हो सके। इस प्रस्ताव के बाद यात्रियों और एयरलाइंस के बीच चिंता बढ़ गई थी, क्योंकि इससे जम्मू-कश्मीर की हवाई कनेक्टिविटी पर असर पड़ता। खासकर पर्यटन सीजन और अमरनाथ यात्रा को देखते हुए यह फैसला अहम माना जा रहा था।

नया अपडेट आने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली है। अगर सोमवार और मंगलवार को रनवे बंद होता तो दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मू समेत कई प्रमुख शहरों की सैकड़ों उड़ानें रद या रिशेड्यूल करनी पड़तीं थी। इससे न सिर्फ पर्यटकों को परेशानी होती, बल्कि स्थानीय लोगों, छात्रों और मरीजों को भी दिक्कत होती जो इलाज या अन्य जरूरी कामों के लिए हवाई यात्रा पर निर्भर हैं।

श्रीनगर एयरपोर्ट कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। सर्दियों में जब राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण बंद हो जाता है, तब हवाई मार्ग ही एकमात्र विकल्प बचता है। ऐसे में सप्ताह में दो दिन उड़ान बंद होने से हालात गंभीर हो सकते थे।

रात में जारी रहेगा मेंटेनेंस का काम

एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रनवे के रखरखाव का काम पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। इसे रात के समय किया जाएगा। यह रात की बंदी अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी। यानी शाम 5 बजे के बाद से सुबह 8 बजे तक रनवे पर मरम्मत और निरीक्षण का काम होगा। इसी वजह से फिलहाल श्रीनगर से रात की उड़ानें संचालित नहीं हो रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि रनवे की सुरक्षा सर्वोपरि है। दिन के समय यात्री सेवाएं बाधित न हों, इसलिए मेंटेनेंस को नाइट शिफ्ट में किया जा रहा है। श्रीनगर एयरपोर्ट ने सभी एयरलाइंस कंपनियों को नए ऑपरेशनल टाइमिंग के हिसाब से अपना फ्लाइट शेड्यूल अपडेट करने को कहा है। इंडिगो, एयर इंडिया, विस्तारा, स्पाइसजेट जैसी कंपनियां श्रीनगर से रोजाना दर्जनों उड़ानें संचालित करती हैं। अब इन्हें सोमवार-मंगलवार की उड़ानें रद्द नहीं करनी पड़ेंगी।

पर्यटन पर पड़ेगा सकारात्मक असर

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। इसके लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें या एयरलाइन की वेबसाइट/ऐप देखें। साथ ही कहा गया है कि यात्री केवल आधिकारिक चैनलों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

जम्मू-कश्मीर में इस समय पर्यटन सीजन चल रहा है। गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा अमरनाथ यात्रा भी जारी है। ऐसे में उड़ानों का सभी दिन संचालन जारी रहने से पर्यटन उद्योग को बड़ी राहत मिलेगी। होटल, टैक्सी और हाउसबोट संचालकों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है।