'मैं तुम्हारा बॉस हूं, बेवकूफ...', श्रीनगर सचिवालय में हाई वोल्टेज ड्रामा; IAS ने महिला अधिकारी से कहे अपशब्द
श्रीनगर सचिवालय में एक समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन ने महिला जेकेएएस अधिकारी बीनिश वानी ...और पढ़ें
HighLights
सचिवालय में आईएएस अधिकारी ने महिला जेकेएएस अफसर को अपशब्द कहे
अधिकारी ने महिला जेकेएएस अफसर के निलंबन का आदेश दिया
घटना का वीडियो सामने आने से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सिविल सचिवालय श्रीनगर में एक रिव्यू मीटिंग देखते ही देखते तीखी गाली-गलौज और सस्पेंशन ड्रामे में बदल गई। आरोप है कि सीनियर आइएएस अफसर कुमार राजीव रंजन ने मीटिंग के बीच एक महिला जेकेएएस अफसर को अपशब्द कहे और तुरंत सस्पेंड कर बर्खास्त करने का आदेश तक लिखवा दिया। अब इसका वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।
ये पूरा वाक्या 14 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सिविल सचिवालय में मिशन युवा (श्रम और रोजगार) की रिव्यू मीटिंग का है। मीटिंग की अध्यक्षता प्रशासकीय सचिव कर रहे थे। बताया जा रहा है कि असिस्टेंट डायरेक्टर बीनिश वानी जब राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की भूमिका और अपनी डिपार्टमेंट की परेशानियों पर बात कर रही थीं, तो कुमार राजीव रंजन ने सवाल उठाया कि अपने टारगेट के लिए दूसरे एजेंसी पर क्यों निर्भर होना।
उन्होंने कहा कि आपको एनआरएलएम की क्या जरूरत है? आप अपना काम दूसरों को सौंप देते हैं। अगर एनआरएलएम का काम ही करवाना था, तो फिर मैं इसे असिस्टेंट डायरेक्टर को क्यों देता? वानी ने जवाब देने की कोशिश की, 'सर, एनआरएलएम मुख्य प्राधिकरण नहीं है, कम से कम उन्हें हमारी मदद करने की जरूरत है,' लेकिन आरोप है कि आइएएस अधिकारी ने उन्हें बार-बार चुप रहने को कहा।
अधिकारी से कहा- मैडम चुप बैठती हो कि नहीं
वानी ने जब आपत्ति जताई कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है, तो बहस निजी हो गई। सूत्रों के मुताबिक, रंजन ने कहा कि मैडम, चुप बैठती हो कि नहीं बैठती हो? वानी का जवाब था, 'मैं चुप नहीं बैठूंगी, क्योंकि मुझे अपनी बात समझानी है।
इस पर आइएएस अफसर भड़क गए और कथित तौर पर उनसे अपशब्द कहते हुए कहा कि मैं तुमसे हमेशा इसी तरह बात कर सकता हूं। मैं तुम्हारा बॉस हूं, बेवकूफ। जब वानी ने कहा कि आप उन्हें आपत्तिजनक शब्द नहीं कह सकते, तो बहस और बढ़ गई।
इसके बाद मामला काम से हटकर अनुशासनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गया। रंजन ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि वानी के निलंबन का आदेश तुरंत तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि अब मैडम, बहुत हो गया। अब इसका सस्पेंशन ऑर्डर तुरंत टाइप होना चाहिए, अभी! वानी ने कहा कि उन्हें निलंबित किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। इस पर रंजन ने कहा, 'बाहर जाइए! बाहर जाइए!'
आप जाएं भाड़ में: वानी
वानी ने गुस्से में जवाब दिया, 'आप जाएं भाड़ में।' इस पर रंजन ने अधिकारियों से कहा कि वानी के इस जवाब को भी निलंबन आदेश में दर्ज किया जाए और इसे मोटे अक्षरों में लिखा जाए। उन्होंने आगे कहा कि इन्हें तुरंत निलंबित करें और सामान्य प्रशासन विभाग को लिखें कि उन्हें सेवा से बाहर किया जाना चाहिए।
उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया जाए। सिविल सेवा के नियमों के तहत इससे ज्यादा कुछ नहीं हो सकता।रंजन ने वानी के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने उनके काम को 'जीरो डिलीवरी' यानी कोई काम न करने जैसा बताया। साथ ही कहा कि इन्हें खुद काम करना नहीं आता और ये मेरे सामने आंखें दिखाएंगी।
वीडियो एआई से बनाया गया हो सकता है
हंगामे के बावजूद बैठक जारी रही। इस मामले पर जब कुमार राजीव रंजन से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। हो सकता है कि वीडियो से छेड़छाड़ की गई हो या इसे एएआई की मदद से बनाया गया हो। दूसरी तरफ उन्होंने बताया कि गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर से मिली जानकारी के अनुसार, महिला जेकेएएस अधिकारी 13 अक्टूबर से छुट्टी पर हैं।
उन्होंने 13 से 22 अक्टूबर तक 10 दिन की अर्जित छुट्टी के लिए संयुक्त निदेशक को आवेदन भी दिया था। हालांकि, इस आवेदन पर किसी सक्षम अधिकारी की मंजूरी नहीं थी। इस बारे में महिला अधिकारी का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन और व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
