Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू-कश्मीर में तबाही, मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से 11 की मौत; कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त

    जम्मू संभाग में भारी वर्षा और बादल फटने से 11 लोगों की जान गई जिनमें वैष्णो देवी यात्रा के श्रद्धालु भी शामिल हैं। डोडा में बादल फटने से तबाही मची तवी नदी में कार गिरने से युवा बह गए। जम्मू में 99 साल में सबसे ज्यादा वर्षा हुई है जिससे नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं।

    By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Tue, 26 Aug 2025 10:17 PM (IST)
    Hero Image
    मां वैष्णो देवी की यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से श्रद्धालुओं सहित 11 की मौत।

    राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू संभाग में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन मूसलधार वर्षा ने तबाही मचाई। डोडा में बादल फटने और श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा मार्ग पर आद्कुंवारी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण 13 वर्षीय बच्चे समेत 11 लोगों की जान चली गई। इनमें से आठ श्रद्धालु थे। इस घटना में करीब 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अतिरिक्त, तवी नदी में एक कार गिरने से तीन युवा बह गए, जबकि दो अन्य को बचा लिया गया। वर्षा के कारण जम्मू संभाग में दो दर्जन से अधिक मकान, दुकानें और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। तवी, चिनाब, उज्ज सहित सभी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। जम्मू में तवी नदी पर बना पुल धंसने से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि इस नदी पर बने दो अन्य पुलों पर एहतियातन आवाजाही बंद कर दी गई है।

    जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर विजयपुर में एम्स के निकट देविका पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। सांबा में सेना के जवानों ने खानाबदोश गुज्जर समुदाय के सात लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला है। जम्मू संभाग के सभी स्कूलों और कॉलेजों में 27 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है।

    जम्मू संभाग के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख रमेश कुमार ने बताया कि अगले 40 घंटों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सभी लोगों को नदी के किनारों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और घटना पर दुख व्यक्त किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को जम्मू में बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा की और अधिकारियों को हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया है।

    आद्कुंवारी मार्ग पर हुआ भूस्खलन

    आद्कंवारी मार्ग पर भूस्खलन की घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास वर्षा के बीच आगे बढ़ रहे थे। अचानक पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने लगे, जिससे कई श्रद्धालु भूस्खलन की चपेट में आ गए। मौके पर पहले से मौजूद श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। नारायणा अस्पताल में भर्ती कराए गए 10 के करीब घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

    डोडा जिले में भारी तबाही

    डोडा के भलेसा इलाके में बादल फटने से नालों में उफान आ गया है। डोडा के भद्रवाह में नीरू नाला भी कई जगह खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। डोडा के उपायुक्त ने बताया कि भलेसा के अमृतपुरा इलाके की एक लड़की की मौत हो गई है।

    भेलसा में दो, ठाठरी और भद्रवाह में भी एक-एक नागरिक की जान गई है। भारी बारिश के कारण जिले में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। डोडा शहर को पुल डोडा से जोड़ने वाले मुख्य पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।

    जम्मू में 99 वर्ष में सबसे ज्यादा वर्षा

    मंगलवार को जम्मू में 248 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो 1926 के बाद से सबसे अधिक है। इस कारण जम्मू शहर में स्थिति गंभीर बनी हुई है, क्योंकि तवी नदी खतरे के निशान के पास बह रही है और शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

    मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। जम्मू के मंडलायुक्त रमेश कुमार ने बताया कि तवी, बसंत और चिनाब जैसी नदियां चेतावनी स्तर पर बह रही हैं। कश्मीर में भी नदियां उफान पर हैं। विशेषकर दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम में बारिश के कारण झेलम नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

    जम्मू-पठानकोट ट्रैक पर बाढ़ का खतरा, ट्रेनें रद

    जम्मू-दिल्ली रेलमार्ग पर पठानकोट से सटे कांगड़ा जिले के माजरा (ढांगू) में चक्की खड्ड पुल पर खतरे को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने एक ट्रैक पर रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी है। वर्षा से बिगड़े हालात को देखते हुए रेलवे ने जम्मू तवी-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और जम्मू तवी-बाड़ी ब्राह्मणा रेल लाइन पर यातायात अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

    कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें वंदेभारत समेत 15 ट्रेनों को रद्द किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें।जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही विजयपुर के निकट देविका पुल क्षतिग्रस्त होने से जम्मू-पठानकोट पर भी यातायात रोक दिया गया है। राज्य में हवाई सेवा भी प्रभावित रही। 10 उड़ानों में से चार रद हो गईं।